Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

खरपतवार निदेशालय में ‘विश्व बौद्धिक संपदा दिवस‘ आयोजित

28 अप्रैल 2023, जबलपुर: खरपतवार निदेशालय में ‘विश्व बौद्धिक संपदा दिवस‘ आयोजित – भाकृअप-खरपतवार अनुसंधान निदेशालय जबलपुर में गत दिनों ‘विश्व बौद्धिक संपदा दिवस ‘का आयोजन किया गया। इसके तहत ‘महिला और बौद्धिक सम्पदा : नवाचार और रचनात्मकता में तेजी‘ विषय पर व्याख्यान हुआ ,जिसमें निदेशालय के सभी वैज्ञानिक, तकनीकी अधिकारी, आर.ए., एस.आर.एफ., छात्रों एवं अन्य ने भाग लिया।

खरपतवार निदेशालय के निदेशक (का ) डॉ. पी.के. सिंह, ने विश्व बौद्धिक संपदा दिवस मनाने के महत्व, दुनियाभर की महिला अन्वेषकों, रचनाकारों और उद्यमियों का ‘‘कर सकते हैं संबंधी सोच’’ और उनके अभूतपूर्व कार्यो पर विस्तार पूर्वक चर्चा की। उन्होंने आईसीएआर और निदेशालय में भी महिला वैज्ञानिकों के योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने निदेशालय के सभी वैज्ञानिकों को कृषकों एवं आमजन के हित में शोध कार्य करने एवं नई तकनीक का अधिक से अधिक पेटेंट प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया।

संस्था की वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. योगिता घरडे द्वारा अपने व्याख्यान में अनुसंधान क्षेत्रों में कार्यरत महिला वैज्ञानिकों के विशेष संदर्भ में पेटेंट, कॉपीराइट, डिजाइन, ट्रेडमार्क, प्रौद्योगिकी लाइसेंसिंग, आईपी ऑडिटिंग जैसे आईपी अधिकारों की भूमिका पर प्रकाश डाला गया। उन्होंने आईपीआर के विभिन्न रूपों और आईपीआर द्वारा प्रदान की जाने वाली सुरक्षा के तहत दिये गये अधिकारों के बारे में चर्चा की। डॉ योगिता ने भारत के विभिन्न हिस्सों के साथ-साथ मध्य प्रदेश द्वारा प्राप्त भौगोलिक संकेतक टैग जैसे चंदेरी साड़ी, बंगाल का रसगुल्ला, आगरा का पेठा, मैसूरपाक, बासमती चावल, कोल्हापुरी चप्पल, नागपुर का संतरा, जबलपुर में भेड़ाघाट की पत्थरकला आदि पर भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम में प्रौद्योगिकी पेटेंट दाखिल करने, कॉपीराइट और ट्रेडमार्क प्राप्त करने पर परिचर्चा की गई, जिससे सभी प्रतिभागियों का ज्ञानवर्धन हुआ। कार्यक्रम संचालक डॉ. चेतन सी.आर.द्वारा विभिन्न पेटेंट प्रकारों की जानकारी दी गई और धन्यवाद प्रस्तुत किया गया ।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

(नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़,  टेलीग्राम )

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें