State News (राज्य कृषि समाचार)

मध्यप्रदेश की बोनस फसल मूंग

Share

मूंग की बुवाई में तेजी, किसान उत्साहित

20 मार्च 2024, भोपाल(अतुल सक्सेना): मध्यप्रदेश की बोनस फसल मूंग – मध्य प्रदेश में पिछले कुछ वर्षों से तीसरी फसल के रूप में जायद फसलों का रकबा बढ़ता जा रहा है। मुख्य रूप से मूंग, मूंगफली, मक्का, उड़द एवं धान फसल जायद में ली जाती है। इसमें सबसे प्रमुख एवं किसानों को मुनाफा देने वाली फसल मूंग है जिसे जायद में सबसे अधिक क्षेत्र में प्रदेश के किसान अपनाने लगे हैं। चालू जायद वर्ष 2024 में लगभग 11 लाख  58 हजार हेक्टेयर में मूंग लेने का लक्ष्य रखा गया है इसके विरुद्ध 15 मार्च तक 28 हजार 776 हेक्टेयर में मूंग की बोनी हो गई है। वहीं गत वर्ष जायद में 10.79 लाख हेक्टेयर में मूंग फसल ली गई थी। समर्थन मूल्य में बेहतर कीमत मिलने के कारण गत वर्ष किसानों को लाभ हुआ, इसे देखते हुए लक्ष्य में इस वर्ष 1 लाख हेक्टेयर की वृद्धि की गई है तथा किसान मूंग लगाने के प्रति उत्साहित भी हैं। कृषि विभाग ने जायद में मूंग सहित अन्य प्रमुख फसलों के लक्ष्य तय कर दिए हैं। लगभग 13 लाख 33 हजार हे. से अधिक क्षेत्र में फसलें लेने का लक्ष्य रखा गया है। इसके विरुद्ध अब तक 80 हजार 500 हे. में कुल जायद फसलें बोई गई हैं।

मूंग की बोनी

जानकारी के मुताबिक देश एवं प्रदेश में सबसे अधिक मूंग फसल लेने वाला नर्मदापुरम जिला है। इस वर्ष यहां लगभग 2.95 लाख हेक्टेयर में मूंग लेने का लक्ष्य रखा गया है। दूसरे नम्बर पर रायसेन जिला है। यहां 1.65 लाख हेक्टेयर में मूंग ली जाएगी। तीसरे नम्बर पर हरदा जिला है यहां 1.45 लाख हेक्टेयर में मूंग ली जाएगी। इसी प्रकार नरसिंहपुर जिले में 1.40 लाख हेक्टेयर में मूंग लगाने का लक्ष्य है वहीं  सीहोर जिले में 90 हजार,  जबलपुर 75 हजार, देवास 44 हजार, गुना 30 हजार, सागर 25 हजार एवं कटनी जिले में भी 25 हजार हेक्टेयर में मूंग लेने का लक्ष्य रखा गया है। इसके विरुद्ध अब तक 28 हजार 776 हेक्टेयर में मूंग बोई गई है जबकि गत वर्ष इस अवधि में 26 हजार 692 हेक्टेयर में बोनी हुई थी।

एमएसपी पर खरीदी

दलहन में आत्मनिर्भरता लाने के प्रयास में केन्द्र सरकार ने गत वर्ष प्रदेश में प्रत्येक किसान से लगभग 40 क्विंटल मूंग खरीदने की अनुमति दी थी तथा समर्थन मूल्य 7755 रुपए प्रति क्विंटल था। परन्तु इस वर्ष 2023-24 में मूंग के समर्थन मूल्य में लगभग 800 रुपए से अधिक की वृद्धि करते हुए एमएसपी 8558 रुपए क्विंटल किया गया है। इस समर्थन मूल्य पर विपणन वर्ष 2024-25 में फसलों की खरीदी होगी। इसे देखते हुए किसान मूंग लगाने के प्रति आकर्षित हो रहे हैं।

जायद फसलों का रकबा

कृषि विभाग के मुताबिक प्रदेश में जायद की अन्य फसलों की बोनी के तहत अब तक मूंगफली 4211 हेक्टेयर में, मक्का 7071 हेक्टेयर, उड़द 7579 हेक्टेयर एवं ग्रीष्मकालीन धान 32930 हेक्टेयर में बोनी हो चुकी है। 60 दिन की मूंग फसल किसानों के लिए काफी लाभदायक है। इससे कृषकों की आय में इजाफा होता है। यह तीसरी फसल के रूप में वर्षा के पूर्व किसान को आर्थिक राहत देती है।

म.प्र. में जायद की बोनी 15 मार्च 2024 (हेक्टे. में)

फसल लक्ष्य बुवाई
मूंग115875828776
उड़द878167579
धान4856532930
मक्का215117071
मूंगफली168244211

(कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें)

(नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़,  टेलीग्रामव्हाट्सएप्प)

Share
Advertisements