Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

विदिशा: फसल बीमा जागरूकता रथ किसानों को करेंगे जागरूक

29 जुलाई 2026, विदिशा: विदिशा: फसल बीमा जागरूकता रथ किसानों को करेंगे जागरूक – किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा “फसल बीमा माह” के अंतर्गत प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए रविवार को विदिशा से दो विशेष जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अभियान का उद्देश्य जिले के अधिक से अधिक किसानों, विशेष रूप से अऋणी किसानों तक योजना की जानकारी पहुंचाकर उन्हें फसल बीमा के लिए प्रेरित करना है, ताकि प्राकृतिक आपदाओं और मौसम की अनिश्चितताओं से होने वाले नुकसान की स्थिति में उन्हें आर्थिक सुरक्षा मिल सके।

  स्थानीय विधायक श्री मुकेश टंडन, जिला पंचायत सीईओ श्री ओ.पी. सनोडिया तथा उप संचालक कृषि श्री सचिन जैन ने संयुक्त रूप से रविवार को उप संचालक कृषि कार्यालय परिसर से दोनों प्रचार-प्रसार रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों के लिए सुरक्षा कवच के रूप में कार्य करती है और प्रत्येक पात्र किसान को इसका लाभ लेना चाहिए।

जागरूकता अभियान के तहत दोनों रथ 26 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक जिले की लगभग 130 ग्राम पंचायतों का भ्रमण करेंगे। आधुनिक ऑडियो-वीडियो उपकरणों से सुसज्जित इन रथों के माध्यम से गांव-गांव पहुंचकर किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, बीमा कराने की समय-सीमा, प्रीमियम, दावा प्रक्रिया तथा योजना से मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही लाउडस्पीकर के माध्यम से संदेश प्रसारित किए जाएंगे तथा पम्पलेट वितरित कर किसानों को जागरूक किया जाएगा।

कृषि विभाग ने बताया कि इस वर्ष अभियान में विशेष रूप से अऋणी किसानों पर ध्यान केंद्रित किया गया है, क्योंकि ऐसे कई किसान अभी भी योजना का लाभ नहीं ले पा रहे हैं। विभाग का प्रयास है कि अधिक से अधिक किसान फसल बीमा कराकर अपनी मेहनत और फसल को प्राकृतिक आपदाओं, अतिवृष्टि, अल्पवृष्टि, ओलावृष्टि एवं अन्य जोखिमों से सुरक्षित कर सकें।

रथ रवाना कार्यक्रम में फसल बीमा कंपनी एसबीआई के जिला प्रतिनिधि श्री राघवेंद्र शर्मा एवं श्री देवेंद्र वर्मा, कृषि विभाग के जिला सलाहकार डॉ. डी.के. तिवारी, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री विशाल यादव, आत्मा कार्यालय के ब्लॉक तकनीकी प्रबंधक श्री प्रदीप मालवीय, श्री नरेंद्र रघुवंशी, कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा महिला कृषकों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

कृषि विभाग ने जिले के सभी किसानों से अपील की है कि जब यह जागरूकता रथ उनके गांव पहुंचे तो वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर योजना की जानकारी प्राप्त करें तथा निर्धारित अंतिम तिथि से पहले अपनी फसलों का बीमा कराकर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ अवश्य उठाएं। यह अभियान किसानों को आत्मनिर्भर और सुरक्षित कृषि व्यवस्था की ओर अग्रसर करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture