समन्वित खेती का कमाल! मंडला के किसान ने खेती में अपनाया मल्टी-इनकम मॉडल, अब हर साल बढ़ रही कमाई
31 जुलाई 2026, भोपाल: समन्वित खेती का कमाल! मंडला के किसान ने खेती में अपनाया मल्टी-इनकम मॉडल, अब हर साल बढ़ रही कमाई – सीमित संसाधनों और कम भूमि में भी खेती को लाभ का व्यवसाय बनाया जा सकता है। इसका उदाहरण मध्यप्रदेश के मंडला जिले के बीजाडांडी विकासखंड के ग्राम मगरधा के प्रगतिशील किसान सुखलाल उईके हैं। महज 1.20 हेक्टेयर भूमि पर समन्वित कृषि मॉडल अपनाकर उन्होंने न केवल अपनी आय के नए स्रोत विकसित किए, बल्कि क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणा बन गए हैं।
सरकारी योजनाओं का मिला सहारा
सुखलाल उईके ने कृषि विभाग की खेत तालाब योजना का लाभ लेकर अपने खेत में तालाब का निर्माण कराया और मत्स्य पालन शुरू किया। इससे उन्हें पिछले वर्ष 10 हजार रुपये की अतिरिक्त आय प्राप्त हुई। इसके अलावा सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन (आत्मा) योजना के तहत प्रशिक्षण और शैक्षणिक भ्रमण का लाभ मिलने के बाद उन्होंने मशरूम उत्पादन भी शुरू किया, जिससे खेती में आय के नए अवसर जुड़े।
रेशम पालन और बागवानी से बढ़ी आमदनी
कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों के तकनीकी मार्गदर्शन में सुखलाल लगातार नई तकनीकों को अपना रहे हैं। वर्तमान में रेशम पालन से उन्हें हर वर्ष 35 से 40 हजार रुपये की अतिरिक्त आय हो रही है। इसके साथ ही उन्होंने आम, अमरूद और नींबू का फल उद्यान विकसित किया है। वहीं, टमाटर, बैंगन और औषधीय फसल अश्वगंधा की खेती भी कर रहे हैं, जिससे उनकी आय के कई स्रोत बने हैं।
सर्वोत्तम कृषक पुरस्कार से हुए सम्मानित
कृषि क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों, नवाचारों एवं लगन को देखते हुए सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन (आत्मा) योजना द्वारा श्री सुखलाल उईके को “सर्वोत्तम कृषक पुरस्कार” से सम्मानित किया गया है। सुखलाल स्वयं आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ अन्य कृषकों को भी रेशम पालन का प्रशिक्षण देकर प्रेरित कर रहे हैं। सुखलाल कहते है कि यदि किसान पारंपरिक फसल चक्र से बाहर निकलकर समन्वित कृषि अपनाएं और विभागीय योजनाओं का लाभ लें, तो कम रकबे में भी बेहतर मुनाफा कमाया जा सकता है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

