पांढुर्ना कलेक्टर ने कृषि अनुसंधान केंद्र, मोहगांव का किया औचक निरीक्षण
29 जुलाई 2026, पांढुर्ना: पांढुर्ना कलेक्टर ने कृषि अनुसंधान केंद्र, मोहगांव का किया औचक निरीक्षण – कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने बुधवार को कृषि अनुसंधान केंद्र, मोहगांव का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय कृषि अधिकारी (एसडीओ एग्रीकल्चर) सुश्री अर्चना डोंगरे, उप संचालक कृषि श्री मोरिश नाथ, परियोजना संचालक श्री धीरज ठाकुर, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी सौसर, कृषि वैज्ञानिक तथा कृषि विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने अनुसंधान केंद्र के भवन, एवं अन्य उपलब्ध व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इस दौरान अनुसंधान केंद्र का भवन एवं अन्य व्यवस्थाएं जर्जर अवस्था में पाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कार्य तत्काल प्रारंभ करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने अधिकारियों को अनुसंधान केंद्र की समुचित पुनर्व्यवस्था कर उसे शीघ्र सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि कृषि अनुसंधान केंद्र किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों, अनुसंधान आधारित जानकारी तथा नवाचारों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसलिए केंद्र में उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करते हुए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अनुसंधान केंद्र की सभी आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं तथा नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से व्यवस्थाओं में सतत सुधार सुनिश्चित किया जाए, जिससे किसानों को अनुसंधान केंद्र की सेवाओं का बेहतर लाभ मिल सके।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

