मुरैन: ‘एक जिला एक उत्पाद’ योजना में आलू एवं कालीन शिल्प के प्रस्ताव शासन को भेजेंगे
06 अगस्त 2026, मुरैन: मुरैन: ‘एक जिला एक उत्पाद’ योजना में आलू एवं कालीन शिल्प के प्रस्ताव शासन को भेजेंगे – मध्य प्रदेश इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (एमपीआईडीसी) मुख्यालय से प्राप्त निर्देशों के परिपालन में ‘‘एक जिला एक उत्पाद’’ (ओडीओपी) योजना के अंतर्गत जिले के उत्पादों के अंतिम निर्धारण एवं शासन को सुझाव प्रेषित किए जाने के संबंध में कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विभिन्न विभागों से प्राप्त सुझावों एवं जिले की स्थानीय विशेषताओं, उत्पादन क्षमता तथा विपणन संभावनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। चर्चा उपरांत सर्वसम्मति से कालीन शिल्प को जिले के द्वितीयक ओडीओपी उत्पाद तथा आलू को तृतीयक ओडीओपी उत्पाद के रूप में चयनित कर शासन को प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया गया। बैठक में बताया गया कि जिले के प्राथमिक ओडीओपी उत्पाद के रूप में कृषि विभाग के माध्यम से सरसों एवं उससे निर्मित उत्पाद पूर्व से ही चिन्हित हैं। निर्णय के अनुसार कालीन शिल्प से संबंधित प्रस्ताव कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग तथा आलू से संबंधित प्रस्ताव उद्यानिकी विभाग के माध्यम से शासन को प्रेषित किए जाएंगे।
बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि ओडीओपी योजना के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन, विपणन के बेहतर अवसर, मूल्य संवर्धन तथा रोजगार सृजन को नई गति मिलेगी, जिससे जिले की आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती प्राप्त होगी। बैठक में उप संचालक पशुपालन डॉ. बी.के. शर्मा, महाप्रबंधक उद्योग श्री अरविन्द माहेश्वरी, ग्रामोद्योग के सहायक संचालक श्री जगदीश यादव, मध्य प्रदेश इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड के श्री अभिषेक भारद्वाज सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

