Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

मध्य प्रदेश में 6 सितंबर तक मानसून का ब्रेक

25 अगस्त 2023, इंदौर: मध्य प्रदेश में 6 सितंबर तक मानसून का ब्रेक – मौसम केंद्र, भोपाल से मिली जानकारी के अनुसार पिछले 24 घंटों में  मध्य प्रदेश के रीवा, जबलपुर, सागर, नर्मदापुरम एवं चंबल संभागों के ज़िलों में कुछ स्थानों पर ,भोपाल , इंदौर, उज्जैन व ग्वालियर संभागों के ज़िलों में कहीं-कहीं वर्षा दर्ज़ की गई तथा शहडोल संभाग के ज़िलों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा। 1 जून से 25 अगस्त तक मध्य प्रदेश में दीर्घावधि औसत से 9 % कम वर्षा हुई है। पूर्वी मध्य प्रदेश में औसत से 6  % कम और पश्चिमी मध्य प्रदेश में औसत से 12 % कम वर्षा हुई है। पिछले 24 घंटों में राज्य के जिन ज़िलों में 20 मि मी या इससे अधिक वर्षा हुई है उनके आंकड़े इस प्रकार हैं –  पूर्वी मध्य प्रदेश के नई गढ़ी ( रीवा ) 24.0 और हनुमना ( रीवा ) 20.0 मिमी वर्षा दर्ज़ की गई। पश्चिमी  मध्य प्रदेश में सर्वाधिक 19 मि मी वर्षा  मऊ  ( भिंड ) में दर्ज़ की गई।

6 सितंबर तक मानसून का ब्रेक – मौसम केंद्र , भोपाल के वरिष्ठ वैज्ञानिक श्री वेद प्रकाश सिंह ने बताया कि पिछले दो -तीन दिनों से मध्य प्रदेश के आसपास कोई भी  प्रभावी सिस्टम सक्रिय नहीं है। मानसून ट्रफ का पश्चिमी सिरा लगभग निष्क्रिय है , जबकि पूर्वी सिरा पूर्वोत्तर राज्यों की ओर सक्रिय है। इसके चलते  हिमालय के तराई वाले क्षेत्रों में वर्षा की गतिविधियां बढ़ी हैं। लेकिन मध्य प्रदेश में घट  गई  हैं। मध्य प्रदेश के ग्वालियर , चंबल , रीवा और शहडोल संभागों को छोड़कर अधिकांश स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी होगी। आगामी 24 घंटे ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी। मानसून की वर्तमान स्थिति को देखें तो पश्चिमी मध्य प्रदेश के कई ज़िले मंदसौर, आगर , शाजापुर, गुना , अशोक नगर, धार , खरगोन खंडवा में औसत से 20 -40  % कम वर्षा हुई है। जबकि पूर्वी क्षेत्र में सतना, रीवा, सीधी ,सिंगरौली और दमोह ज़िले औसत से कम वर्षा वाले ज़िलों में शामिल हैं। आगामी 10 दिनों अर्थात 6  सितंबर तक मध्य प्रदेश में मानसून  लगभग ब्रेक रहेगा और उसके सक्रिय होने की संभावना नहीं है। इसे अल्प वर्षा की अवस्था कह सकते हैं। किसानों को सलाह है कि वर्तमान स्थिति को देखते हुए वे वैकल्पिक फसल पर जा सकते हैं।

पूर्वानुमान – भोपाल , नर्मदापुरम , इंदौर,चंबल, शहडोल,रीवा, जबलपुर,एवं सागर संभागों के ज़िलों  और दतिया ज़िले में कहीं-कहीं वर्षा हो सकती है। शेष ज़िलों में मौसम शुष्क रहेगा। जबकि नर्मदापुरम, बुरहानपुर, बड़वानी, सिंगरौली,सीधी , रीवा,सतना,अनूपपुर उमरिया , शहडोल मंडला एवं बालाघाट ज़िलों में कहीं -कहीं गरज -चमक के साथ वज्रपात की संभावना है। आज 25 अगस्त  के नक़्शे में गहरा नीला रंग 60 % से इससे अधिक वर्षा, हल्का नीला रंग 20 % से अधिक लेकिन  60 % से कम वर्षा ,हरा रंग  -19 से +19  % तक सामान्य वर्षा, लाल रंग  -20 से -59 % वर्षा, पीला रंग – 60 से -99 % वर्षा और ग्रे रंग -100 % अर्थात अवर्षा का संकेत है।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

(नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़,  टेलीग्राम )

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें