Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

मंत्री श्री विजयवर्गीय ने कृषि महाविद्यालय इंदौर में 15 हजार पौधों के रोपण अभियान का शुभारंभ किया

03 अगस्त 2026, इंदौर: मंत्री श्री विजयवर्गीय ने कृषि महाविद्यालय इंदौर में 15 हजार पौधों के रोपण अभियान का शुभारंभ किया – एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत रविवार को नगरीय प्रशासन एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय की उपस्थिति में कृषि महाविद्यालय परिसर में 15 हजार पौधों के रोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मंत्री श्री विजयवर्गीय ने कहा कि कृषि महाविद्यालय से उनका पुराना आत्मीय संबंध रहा है। उन्होंने कहा कि पहले भी कृषि विशेषज्ञों के साथ चर्चा के दौरान सीमित कृषि भूमि में अधिक उत्पादन और रासायनिक खेती से होने वाले दुष्प्रभाव प्रमुख विषय रहे हैं। उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशकों के अत्यधिक उपयोग का मानव स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, इसलिए प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने की आवश्यकता है।

श्री विजयवर्गीय ने अपने ऑस्ट्रेलिया प्रवास का उल्लेख करते हुए बताया कि वहां एक किसान ने रासायनिक खेती से हुए दुष्प्रभावों से प्रेरित होकर सहकारिता के माध्यम से बड़े स्तर पर ऑर्गेनिक खेती की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि जैविक खेती का उत्पादन अपेक्षाकृत कम हो सकता है, लेकिन इसके उत्पादों का बेहतर मूल्य मिलता है और यह स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है।  उन्होंने कहा कि भारत की पारंपरिक कृषि पद्धतियों में गोबर एवं गोमूत्र का उपयोग प्राकृतिक खेती का महत्वपूर्ण आधार रहा है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए व्यापक अनुसंधान की आवश्यकता है। यदि प्राकृतिक खेती को अपनाया जाए तो लोगों के स्वास्थ्य में सुधार होगा तथा चिकित्सा पर होने वाला खर्च भी कम किया जा सकेगा। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि देश को इंजीनियर और डॉक्टरों के साथ-साथ कृषि वैज्ञानिकों की भी उतनी ही आवश्यकता है।

उल्लेखनीय है कि शहर में हरित क्षेत्र का विस्तार करने के उद्देश्य से जलवायु के अनुकूल 5 से 10 फीट ऊंचाई वाले पौधों का विभिन्न स्थानों पर रोपण किया जा रहा है। कृषि महाविद्यालय परिसर में दो हजार फलदार पौधों सहित मालवा क्षेत्र की जलवायु के अनुरूप विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष श्री सुमित मिश्रा, जनकार्य समिति अध्यक्ष श्री राजेंद्र राठौड़, कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. भारत सिंह, पार्षद श्रीमती लक्ष्मी अनिल गौहर, श्री राजीव जैन सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने पौधारोपण कर अभियान में सहभागिता निभाई।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture