Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

मध्य प्रदेश कृषि विपणन बोर्ड की बैठक: ई-मंडी, मंडी आय, ग्रेडिंग यूनिट और अवैध व्यापार पर एमडी कुमार पुरुषोत्तम के सख्त निर्देश

28 जुलाई 2026, भोपाल: मध्य प्रदेश कृषि विपणन बोर्ड की बैठक: ई-मंडी, मंडी आय, ग्रेडिंग यूनिट और अवैध व्यापार पर एमडी कुमार पुरुषोत्तम के सख्त निर्देश – मध्य प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड की 259 कृषि उपज मंडियों के कार्यों की समीक्षा तथा आगामी रणनीति तय करने के उद्देश्य से सोमवार, 27 जुलाई 2026 को मंत्रालय, वल्लभ भवन से प्रबंध संचालक श्री कुमार पुरुषोत्तम की अध्यक्षता में वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश की सभी 259 मंडी समितियों के सचिव, सातों आंचलिक कार्यालयों के संयुक्त संचालक तथा मंडी बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

बैठक में प्रदेश की मंडियों में कृषि उपज की आवक, मंडी आय में वृद्धि तथा राजस्व सुदृढ़ीकरण पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रबंध संचालक श्री कुमार पुरुषोत्तम ने नवीन भूमि संरचना आवंटन नियमों की विस्तृत जानकारी देते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।

उन्होंने मंडियों में स्थापित की जा रही ग्रेडिंग एवं सॉर्टिंग यूनिटों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया। साथ ही आगामी वर्षा ऋतु में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान संचालित करने के निर्देश भी दिए, ताकि मंडी परिसरों को अधिक हरित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाया जा सके।

बैठक में ई-मंडी तथा फार्म गेट समव्यवहारों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए गए कि मंडियों में अधिकतम वाणिज्यिक लेन-देन ई-मंडी प्लेटफॉर्म के माध्यम से किए जाएं तथा योजना को प्रभावी और व्यवहारिक रूप से लागू किया जाए। जिन मंडी समितियों द्वारा निर्धारित 20 प्रतिशत लक्ष्य हासिल नहीं किया गया है, उन्हें कारण बताने के निर्देश भी जारी किए गए।

प्रबंध संचालक ने प्रदेशभर में अवैध कृषि उपज व्यापार पर प्रभावी नियंत्रण, लेखा सत्यापन कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने, तथा ई-नाम और एगमार्कनेट योजनाओं के अंतर्गत नियमित एवं समग्र रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक आधारित विपणन व्यवस्था और पारदर्शी व्यापार प्रणाली से किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं तथा मंडियों की कार्यकुशलता में उल्लेखनीय सुधार होगा।

बैठक में अपर प्रबंध संचालक श्री अनुराग सक्सेना, अधीक्षण यंत्री श्री मधुकर पवार, अपर संचालक सुश्री संगीता ढोके, संयुक्त संचालक श्री एस.के. कुमरे, संयुक्त संचालक श्री नितिन कोले, उपसंचालक श्री अविनाश पाठ, उपसंचालक श्रीमती रश्मि कश्यप, सहायक संचालक श्री पीयूष शर्मा, श्री योगेश नागले सहित मंडी बोर्ड के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

बैठक में दिए गए निर्देशों से स्पष्ट संकेत मिला कि मध्य प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड आगामी अवधि में ई-मंडी व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, मंडियों की आय बढ़ाने, अवैध व्यापार पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा अधोसंरचना विकास कार्यों को गति देने के लिए व्यापक अभियान चलाएगा।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture