बालाघाट में उर्वरक विक्रेताओं को दिया हाइब्रिड मोड से वितरण का प्रशिक्षण
03 अगस्त 2026, बालाघाट: बालाघाट में उर्वरक विक्रेताओं को दिया हाइब्रिड मोड से वितरण का प्रशिक्षण – शासन के निर्देशानुसार उर्वरक वितरण व्यवस्था को अधिक सरल एवं किसान हितैषी बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार, बालाघाट में निजी एवं सहकारी क्षेत्र के उर्वरक विक्रेताओं के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में विक्रेताओं को हाइब्रिड मोड (ऑनलाइन एवं ऑफलाइन) के माध्यम से उर्वरक वितरण की नई व्यवस्था की जानकारी दी गई।
उप संचालक कृषि श्री फूल सिंह मालवीय ने बताया कि प्रदेश में 1 अप्रैल 2026 से उर्वरक वितरण ई-विकास प्रणाली के माध्यम से अनिवार्य किया गया था। अब शासन द्वारा 30 जुलाई 2026 से व्यवस्था का सरलीकरण करते हुए उर्वरक वितरण हाइब्रिड मोड में किए जाने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसके तहत किसानों को ई-विकास प्रणाली के साथ-साथ ऑफलाइन माध्यम से भी उर्वरक उपलब्ध कराया जा सकेगा।
प्रशिक्षण के दौरान उर्वरक विक्रेताओं को निर्देशित किया गया कि बिना टोकन के उर्वरक प्राप्त करने वाले किसानों का पूरा रिकॉर्ड संधारित करें तथा उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 के प्रावधानों के अनुरूप ही खाद का वितरण सुनिश्चित करें। साथ ही उर्वरक वितरण के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं पर चर्चा कर उनका समाधान भी बताया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहायक संचालक कृषि श्री राजेश खोबरागड़े, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्रीमती प्रतिभा टेमरे, श्रीमती विनीता रंगारी, सहायक सांख्यिकी अधिकारी श्री एम.एल. उइके, कृषि विस्तार अधिकारी श्री विकास चौधरी एवं श्री दीपक तुरकर सहित विकासखंड बालाघाट के सभी निजी एवं सहकारी उर्वरक विक्रेता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य उर्वरक वितरण व्यवस्था को अधिक सुगम, पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाते हुए किसानों को समय पर खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

