Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

रंजिशवश केला फसल काटने से किसान को हुआ लाखों का नुकसान

29 जून 2023, मंडलेश्वर(दिलीप दसौंधी, मंडलेश्वर): रंजिशवश केला फसल काटने से किसान को हुआ लाखों का नुकसान – दुश्मनी और रंजिश दो ऐसे पहलू हैं, जो व्यक्ति को जान-माल का नुकसान करने को प्रेरित करते हैं। रंजिश का ऐसा ही एक मामला ग्राम सेगवाल तहसील ठीकरी जिला बड़वानी का सामने आया है। यहाँ के किसान श्री रेवाराम पिता दल्लु यादव की एक एकड़ की केला फसल को अज्ञात लोगों ने गत दिनों काट दिया जिससे उन्हें लाखों का नुकसान हुआ है। पुलिस मामले की जाँच कर रही है।

पीड़ित किसान के पुत्र श्री जयनारायण यादव ने कृषक जगत को बताया कि उनके खेत में 4 एकड़ में केला फसल लगाई है। केलों की कटिंग भी शुरू हो गई है। इस बीच 19 जून की रात को अज्ञात लोगों द्वारा रंजिशवश करीब एक एकड़ की केला फसल के 1100 पौधों को काट दिया गया, जिससे करीब साढ़े तीन लाख रूपए से अधिक का नुकसान हुआ है। तहसीलदार और थाना ठीकरी को शिकायती आवेदन दिया गया, जिसके बाद राजस्व विभाग द्वारा पंचनामा बनाया गया। थाना ठीकरी द्वारा जाँच की जा रही है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक, बड़वानी से भी मुलाकात की। उन्होंने इस घटना को गंभीर बताया और शीघ्र ही आरोपियों को पकड़ने की बात कही।

श्री यादव ने कहा कि उक्त घटना को रंजिश के कारण अंजाम दिए जाने की आशंका है, इसीलिए उन्होंने जांचकर्ता से घटना दिनांक की शाम 7 बजे से अगले दिन सुबह 5 बजे तक मेरे खेत में सक्रिय मोबाईल नेटवर्क की जाँच करने की मांग की है ,ताकि सच्चाई सामने आ सके।श्री यादव ने कहा कि इन दिनों खेत में केला कटाई शुरू हो चुकी है और करीब 12 टन माल निकल चुका है। 110 पौधों में 28 -30 क्विंटल माल निकल रहा है। अभी केला 15 रुपए किलो तक बिक रहा है। यदि केलों का औसत दाम 10 रु किलो भी मानें तो काटे गए 1100 पौधों से होने वाले नुकसान का आकलन किया जा सकता है। पुलिस से आरोपियों को जल्द पकड़ने की मांग की गई है, ताकि हक़ीकत पता लग सके।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

(नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़,  टेलीग्राम )

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें