Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

जिला सहकारी केंद्रीय बैंक खरगोन की वार्षिक साधारण सभा संपन्न

29 अगस्त 2023, मंडलेश्वर(दिलीप दसौंधी, मंडलेश्वर): जिला सहकारी केंद्रीय बैंक खरगोन की वार्षिक साधारण सभा संपन्न – जिला सहकारी केंद्रीय बैंक खरगोन मर्यादित की वार्षिक साधारण सभा गत दिनों खरगोन में आयोजित की गई। जिसमें वर्ष 2022 -23  का  318  करोड़ 18 लाख का बजट पारित  किया गया। 16 करोड़ 50 लाख के मुनाफे के लक्ष्य के साथ 2864 करोड़ का ऋण वितरण का लक्ष्य रखा गया।

इस अवसर पर अपैक्स बैंक के एमडी श्री पी एस तिवारी ने कहा कि खरगोन  जिला सहकारी केंद्रीय बैंक नवाचार के क्षेत्र में प्रदेश की अन्य बैंकों की तुलना में अग्रणी मानी जाती है। श्री तिवारी ने कहा कि बैंक केवल अपने हितों तक ही सीमित न रहें , बल्कि प्राथमिक कृषि साख संस्थाओं की चिंता करते हुए उनकी वित्तीय सुदृढ़ता में वृद्धि एवं हानियों को कम करने के लिए विशेष प्रयास करें। परोपकारवाद के साथ बैंक कार्यों का संचालन हो। अपने कृषक सदस्यों की आवश्यकताओं की पूर्ति करें।  उन्हें समय पर ऋण /कृषि आदान पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध करावें। संस्थाएं केवल इन तक ही सीमित न रहें , बल्कि संस्था की आय बढ़ाने के लिए क्षेत्र में नवाचार करने की आवश्यकता है।  संस्थाओं को पेट्रोल पंप, एलपीजी का वितरण और जेनेरिक दवाइयों के लिए जन औषधि केंद्र खोलने जैसे कार्य करना होंगे।  संस्था इनका लाभ उठावें और अपनी आय में वृद्धि करें।  नाबार्ड की योजनाओं का लाभ उठाएं और नवीन तकनीक संस्था स्तर पर स्थापित करें।

श्री बी एल मकवाना , बैंक प्रशासक एवं संयुक्त आयुक्त ,सहकारिता , इंदौर संभाग ने सभा में जानकारी दी कि वर्ष 2022 -23 में बैंक ने तकनीकी के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। बैंक ,राष्ट्रीयकृत और निजी क्षेत्र की बैंकों के समकक्ष खड़ी हो चुकी है। बैंक की अंश पूँजी में गत वर्ष की तुलना में  2.14  करोड़, अमानतों में 236.13 करोड़  एवं कार्यशील पूँजी में 144.49  करोड़ रुपए की वृद्धि दर्ज़ की गई है। बैंक के कृषि ऋणों की वसूली 77.02 % हुई है। यही कारण है कि आलोच्य वर्ष के दौरान बैंक ने 16.47 करोड़ का शुद्ध लाभ अरिजीत किया है। श्री मकवाना ने जानकारी दी कि कृषि को लाभ का व्यवसाय बनाने के उद्देश्य से केंद्र, राज्य सरकार एवं नाबार्ड की पशुपालन कार्यशील पूँजी ऋण योजना के तहत संस्थाओं के 7372  कृषक सदस्यों को 35.28 करोड़ का ऋण प्रदाय किया गया है। इससे कृषकों को कृषि व्यवसाय के अतिरिक्त आय प्राप्त होगी जिनसे उनका आर्थिक विकास होगा। बैंक के कार्यक्षेत्र में आने वाले खरगोन / बड़वानी ज़िले के समस्त कृषक सदस्यों को सहकारिता की परिधि में लाकर लाभान्वित करने का प्रयास किया जा रहा है। वर्ष 2022 -23 में संस्थाओं द्वारा 4376 कृषकों को नवीन सदस्यता प्रदान की गई। इसके बाद अब कुल सदस्यों की संख्या 438435 हो गई है। इनमें से 267817  केसीसी खाताधारी ऋणी सदस्य हैं।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

खरगोन बैंक के एमडी श्री राजेंद्र आचार्य ने बताया कि बैंक की खरगोन / बड़वानी ज़िले की सभी शाखाएं कोर बैंकिंग अंतर्गत संचालित हो रही है। ग्राहकों/ अमानतदारों को मोबाईल बैंकिंग की सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है , वहीं जन सामान्य को लाभ पहुंचाने वाली प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा एवं जीवन ज्योति बीमा योजना भी  ग्राहकों के लिए उपलब्ध है। बैठक में वित्तीय वर्ष के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को पुरस्कृत किया गया।  अमानत संग्रहण के क्षेत्र में प्रथम पुरस्कार मुख्य शाखा खरगोन,द्वितीय पानसेमल एवं तृतीय बड़वानी को प्रदाय किया गया। कृषि ऋणों की वसूली के क्षेत्र में प्रथम पुरस्कार झिरन्या ,द्वितीय ऊन और तृतीय बड़वानी को प्रदाय किया गया। इसके अलावा अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली संस्थाओं को भी पुरस्कृत किया गया।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

इस मौके पर श्री मनोज सिन्हा , उप सचिव ,सहकारिता मंत्रालय , भोपाल, श्री विजेंद्र पाटिल,डीडीएम नाबार्ड,  श्री अम्बरीष वैद्य , उप आयुक्त  सहकारिता , खरगोन, बैंक के पूर्व अध्यक्ष श्री प्रकाश रत्नपारखी , श्री रंजीत सिंह डंडीर  एवं श्री गणेश यादव ,संभागीय शाखा प्रबंधक इंदौर उपस्थित थे। बैठक में बैंक संचालक मंडल के सदस्य एवं प्रतिनिधि कार्यक्रम का  संचालन श्री अनिल कानूनगो ने किया और आभार श्री संजय शर्मा , क्षेत्रीय अधिकारी , सेंधवा द्वारा  माना गया।

(नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़,  टेलीग्राम )