भारत में प्रतिबंधित HT कॉटन बीज के 14 पैकेट सहित कृषि आदान जब्त
बिना लाइसेंस बिक्री पर एफआईआर
28 जुलाई 2026, पांढुर्ना: भारत में प्रतिबंधित HT कॉटन बीज के 14 पैकेट सहित कृषि आदान जब्त – पांढुर्ना जिले के मरकावाड़ा गांव में बिना लाइसेंस कृषि आदान बेचने के मामले में कृषि विभाग की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी परमेश्वर बारंगे के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की है। कृषि विभाग द्वारा की गई छापामार कार्रवाई में बिना लाइसेंस बड़ी मात्रा में रासायनिक उर्वरक, कीटनाशक, फफूंदनाशी तथा अन्य कृषि आदान जब्त किए गए। पुलिस कार्रवाई के बाद आरोपी के मकान को सील कर दिया गया है।
वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी श्री विनोद लोखंडे ने कृषक जगत को बताया कि जब्त सामग्री में भारत में प्रतिबंधित हर्बिसाइड टॉलरेंट (HT) कॉटन बीज के 14 पैकेट भी बरामद हुए हैं। यह बरामदगी गंभीर मानी जा रही है, क्योंकि देश में एचटी कॉटन बीज की व्यावसायिक बिक्री और खेती की अनुमति नहीं है। पाई गई समस्त जब्त सामग्री के नमूने परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजे जाएंगे।
कृषि विभाग के अनुसार, सूचना मिलने पर मरकावाड़ा स्थित मकान पर छापा मारकर बिना लाइसेंस बेचे जा रहे कृषि आदान जब्त किए गए। इसके बाद आवश्यक वस्तु अधिनियम तथा बिना वैध अनुज्ञप्ति कृषि आदान विक्रय से संबंधित प्रावधानों के तहत पुलिस में प्रकरण दर्ज कराया गया। अधिकारियों ने बताया कि प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि जब्त सामग्री नकली, अमानक अथवा प्रतिबंधित पाई जाती है तो आरोपियों के विरुद्ध अन्य संबंधित धाराएं भी जोड़ी जाएंगी। पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है और गिरफ्तारी की कार्रवाई भी की जा सकती है।
व्यापारी सूत्रों के अनुसार, जब्त किए गए प्रतिबंधित एचटी कॉटन बीज के केवल 6 पैकेट ही मौके पर मिले हैं। अनुमान है कि कपास की बुवाई का समय लगभग समाप्त होने के कारण यह शेष बचा हुआ स्टॉक हो सकता है। सूत्रों का यह भी कहना है कि संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता कि बुवाई के मौसम के दौरान ऐसे प्रतिबंधित बीजों की बड़ी मात्रा में बिक्री की गई हो। हालांकि, इस संबंध में कृषि विभाग या पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है और मामले की जांच जारी है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

