राज्य कृषि समाचार (State News)

82.70 लाख किसानों के खातों में पहुंचे 3308 करोड़ रुपये, मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना की राशि अंतरित

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने खंडवा में बलराम कृषि महोत्सव का किया शुभारंभ, किसानों से प्राकृतिक और जैविक खेती अपनाने की अपील

28 जुलाई 2026, भोपाल: 82.70 लाख किसानों के खातों में पहुंचे 3308 करोड़ रुपये, मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना की राशि अंतरित – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को खंडवा में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव के दौरान प्रदेश के 82 लाख 70 हजार से अधिक किसानों के बैंक खातों में मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत 3308 करोड़ रुपये की राशि सिंगल क्लिक से अंतरित की। इस दौरान प्रत्येक हितग्राही किसान के खाते में एकमुश्त 4000 रुपये पहुंचे। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई उन्नत कृषि आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बलराम कृषि महोत्सव केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि किसानों को वैज्ञानिक खेती, नई तकनीक और समृद्ध भविष्य से जोड़ने का व्यापक अभियान है। यह किसानों का अपना महोत्सव है और उन्हें इसका अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पारंपरिक खेती के साथ अब आधुनिक और उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाना समय की आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री ने किसानों से खेत की मिट्टी की जांच कराने, मिट्टी की उत्पादकता के अनुसार फसल लेने और रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग से बचने की अपील की। उन्होंने प्राकृतिक और जैविक खेती की ओर बढ़ने तथा फसल विविधीकरण अपनाने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक ही खेत में एक से अधिक फसलें लेने से किसानों की आमदनी बढ़ सकती है और खेती में जोखिम भी कम होगा।

किसानों के प्रति सरकार के मन में सम्मान

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार किसान कल्याण के लिए लगातार महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है। किसान अपनी मेहनत और पसीने से धरती से अन्न पैदा कर देश की खाद्य जरूरतें पूरी करते हैं। किसानों के प्रति सरकार के मन में गहरा सम्मान है। इसी भावना के तहत किसानों के खातों में 4000 रुपये की सम्मान निधि अंतरित की गई है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 को ‘कृषक कल्याण वर्ष’ के रूप में मनाया जा रहा है। किसानों की आय दोगुनी करने के संकल्प के साथ प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बलराम कृषि महोत्सव आयोजित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने भगवान बलराम को कृषि क्षेत्र का प्रथम देवता बताते हुए किसानों को आधुनिक तकनीक और नवाचार से जुड़ने का आह्वान किया।

65 लाख हेक्टेयर हुआ सिंचाई का रकबा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सिंचाई का रकबा बढ़कर 65 लाख हेक्टेयर हो गया है, जबकि वर्ष 2002-03 से पहले यह 44 लाख हेक्टेयर था। पिछले ढाई वर्षों में ही सिंचाई का रकबा 10 लाख हेक्टेयर से अधिक बढ़ा है। सरकार किसानों को बिजली, पानी, बेहतर सड़क, प्राकृतिक खेती और आधुनिक कृषि तकनीक से जोड़ने का काम कर रही है। किसान अब ड्रोन के माध्यम से खेतों में खाद और बीज का छिड़काव कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वर्षाकाल के बाद किसानों को रात के साथ दिन में भी सिंचाई के लिए बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा। दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए भी सरकार प्रयासरत है। प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को वर्तमान 9 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत तक ले जाने का लक्ष्य रखा गया है।

खंडवा में पुलिस बटालियन, मूंदी-खंडवा मार्ग शीघ्र

मुख्यमंत्री ने खंडवा जिले के विकास से जुड़ी घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि खंडवा में पुलिस बटालियन की स्थापना की जाएगी तथा मूंदी से खंडवा तक सड़क निर्माण का कार्य शीघ्र कराया जाएगा। उन्होंने खंडवा की काली मिट्टी और यहां के किसानों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि जिले के किसानों ने नवाचार और उद्यमशीलता के माध्यम से खेती का एक अलग मॉडल प्रस्तुत किया है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जैविक खेती, हाईटेक खेती और खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले किसानों को सम्मानित किया। इसके साथ ही मेधावी विद्यार्थियों और सोशल मीडिया प्रभावकों को भी प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture