राजगढ़: जिला स्तरीय आत्मा गवर्निंग बोर्ड की बैठक आयोजित
04 अगस्त 2026, राजगढ़: राजगढ़: जिला स्तरीय आत्मा गवर्निंग बोर्ड की बैठक आयोजित – कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में गत दिनों कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय आत्मा गवर्निंग बोर्ड की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आत्मा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, किसानों तक आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रसार तथा कृषि क्षेत्र में नवाचारों को बढ़ावा देने पर विस्तार से चर्चा की गई।
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कहा कि आत्मा योजना का उद्देश्य किसानों तक नवीन कृषि तकनीकों को पहुंचाना, उन्हें आधुनिक खेती का व्यवहारिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराना तथा उनकी आय में वृद्धि सुनिश्चित करना है। उन्होंने निर्देश दिए कि योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक नवाचार किए जाएं, ताकि किसानों को वैज्ञानिक एवं उन्नत कृषि पद्धतियों का लाभ मिल सके। बैठक में कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने सभी विकासखंडों के एटीएम एवं बीटीएम को निर्देशित करते हुए कहा कि वे क्लस्टर स्तर पर नियमित गतिविधियां संचालित करें, किसानों के साथ सतत संपर्क बनाए रखें तथा खेतों का नियमित भ्रमण कर उन्हें आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान करें। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ वास्तविक किसानों तक पहुंचना चाहिए और प्रत्येक गतिविधि का प्रभाव धरातल पर दिखाई देना चाहिए।
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने अधिकारियों एवं मैदानी अमले को चेतावनी देते हुए कहा कि सौंपे गए कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा असंतोषजनक कार्यप्रदर्शन स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य संतोषजनक नहीं पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों का वेतन रोके जाने जैसी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में जिला कृषि अधिकारी सहित कृषि विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

