Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

मध्यप्रदेश में प्रगतिशील किसानों का होगा सम्मान : श्री कुशवाह

26 सितम्बर 2023, भोपाल: मध्यप्रदेश में प्रगतिशील किसानों का होगा सम्मान : श्री कुशवाह – उद्यानिकी, खाद्य प्र-संस्करण (स्वतंत्र प्रभार) एवं नर्मदा घाटी विकास राज्य मंत्री श्री भारत सिंह कुशवाह ने कहा है कि ग्वालियर में 29 सितम्बर को किसान मेला में प्रगतिशील किसानों का सम्मान किया जायेगा। विभिन्न फसलों के उत्पादन में उन्नत कृषकों के साथ ही खाद्य प्र-संस्करण के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वालों का भी सम्मान किया जायेगा। श्री कुशवाह किसान मेला की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे।

राज्य मंत्री ने कहा कि किसान मेला में खेती-किसानी की मशीनों और यंत्रों को प्रदर्शित किया जाये। किसान भाई अपने उपयोग के कृषि यंत्रों का चयन कर उन्हें खरीद सकें। साथ ही उद्यानिकी विभाग की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों पर आधारित प्रचार सामग्री भी कृषकों को उपलब्ध कराई जाये। किसान मेला में 5 संभागीय प्रशिक्षण केन्द्र, 4 मॉडल विकासखण्ड भवन का ऑनलाइन लोकार्पण और हाईटेक नर्सरी, एयरोपोनिक लैब का भूमि-पूजन होगा। माली प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं को प्रमाण-पत्र के साथ हितग्राहियों को विभागीय योजनाओं के हितलाभ वितरित किये जायेंगे। बैठक में संचालक उद्यानिकी सुश्री निधि निवेदिता, अपर संचालक श्री एम.एस. किरार और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

(नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़,  टेलीग्राम )

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile