राज्य कृषि समाचार (State News)

बुरहानपुर के 8,115 किसानों को बड़ी राहत: केले की फसल नुकसान पर सीएम मोहन यादव ने 107.72 करोड़ रुपए किए ट्रांसफर

31 जुलाई 2026, भोपाल: बुरहानपुर के 8,115 किसानों को बड़ी राहत: केले की फसल नुकसान पर सीएम मोहन यादव ने 107.72 करोड़ रुपए किए ट्रांसफर – मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले में मई और जून के दौरान आंधी और प्रतिकूल मौसम से केले की फसल को हुए नुकसान के बाद राज्य सरकार ने प्रभावित किसानों को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को उज्जैन से वर्चुअल माध्यम से आयोजित बलराम कृषि महोत्सव में जिले के 8,115 किसानों के खातों में 107 करोड़ 72 लाख रुपए की राहत राशि सिंगल क्लिक के जरिए अंतरित की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान कल्याण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और प्राकृतिक आपदा के समय सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि जब तक प्रभावित किसानों के चेहरे पर दोबारा मुस्कान नहीं लौटती, तब तक सरकार हर संभव सहायता उपलब्ध कराती रहेगी।

188 गांवों के किसान हुए थे प्रभावित

सरकार के अनुसार बुरहानपुर नगर, बुरहानपुर ग्रामीण, नेपानगर और खकनार तहसीलों के 188 गांवों में केले की फसल मौसम की मार से प्रभावित हुई थी। नुकसान का आकलन करने के बाद राहत राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी गई, जिससे उन्हें आर्थिक संबल मिल सके।

बलराम कृषि महोत्सव में किसानों को दी गई योजनाओं की जानकारी

उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती, जैविक खेती और उद्यानिकी फसलों को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीकों के उपयोग से उत्पादन और आय दोनों बढ़ाई जा सकती हैं।

केले से बने उत्पादों को मिल रही नई पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि बुरहानपुर अपनी उद्यानिकी फसलों, विशेष रूप से केले, हल्दी और कपास के लिए देशभर में जाना जाता है। जिले में केले के रेशे से कपड़ा और सजावटी उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं, जिन्हें ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से देश और विदेश के बाजारों तक पहुंचाया जा रहा है। इससे बुरहानपुर को कृषि आधारित प्रसंस्करण के क्षेत्र में नई पहचान मिली है।

कपास किसानों और सिंचाई परियोजनाओं पर भी जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने कपास उत्पादकों को राहत देने के लिए मंडी टैक्स में कमी की है, जिसका लाभ बुरहानपुर सहित आसपास के जिलों के किसानों को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि धार में विकसित हो रहे पीएम मित्र पार्क का लाभ भी बुरहानपुर के किसानों को मिलेगा। इसके अलावा जिले में सिंचाई परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाया जा सके।

इस अवसर पर बुरहानपुर में आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल और पूर्व मंत्री एवं विधायक अर्चना चिटनिस मौजूद रहीं। विधायक अर्चना चिटनिस ने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री को बुरहानपुर से केले के रेशे से बनी राखी भेजी जाएगी।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture