राज्य कृषि समाचार (State News)

जबलपुर: कृष्ण कुमार ने किया ईरानी अकरकरा की खेती का नवाचार

03 अगस्त 2026, जबलपुर: जबलपुर: कृष्ण कुमार ने किया ईरानी अकरकरा की खेती का नवाचार – जिले के विकासखंड पाटन के ग्राम महगवा के प्रगतिशील कृषक कृष्ण कुमार सिंह लोधी पिछले दो वर्षों से अपने खेत में परंपरागत फसलों से हटकर ईरानी अकरकरा की खेती कर कृषि में नवाचार को अपनाने का सफल उदाहरण प्रस्तुत किया है।अनुविभागीय कृषि अधिकारी पाटन डॉ इंदिरा त्रिपाठी के नेतृत्व में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्रीमती सीमा राउत, कृषि विस्तार अधिकारी इशिता श्रीवास्तव एवं देव आनंद सिंह ने कृषक कृष्ण कुमार के खेत का आज अवलोकन किया और फसल की प्रगति देखी।

कृषक श्री कृष्ण कुमार सिंह लोधी ने कृषि अधिकारियों को बताया कि ईरानी अकरकरा एक अत्यंत मूल्यवान औषधीय फसल है।इसका उपयोग मुख्य रूप से जड़ी-बूटियों, दंत मंजन, शक्तिवर्धक दवाओं और आयुर्वेदिक औषधियों के निर्माण में किया जाता है। बाजार में इसकी मांग हमेशा बनी रहती है। कृष्ण कुमार के मुताबिक इस फसल की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें पारंपरिक फसलों की तुलना में पानी की खपत काफी कम होती है और कीट या बीमारियों का प्रकोप भी न के बराबर होता है। महज 6 से 8 महीने की इस फसल से पारंपरिक खेती की तुलना में कई गुना अधिक मुनाफा प्राप्त होता है।

अनुविभागीय कृषि अधिकारी डॉ इंदिरा त्रिपाठी ने कृषक कृष्ण कुमार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आज के समय में खेती को लाभ का धंधा बनाने के लिए किसानों को लीक से हटकर सोचने की जरूरत है। ईरानी अकरकरा जैसी औषधीय और नकदी फसलों को अपनाकर किसान अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं। किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग ऐसे सभी नवाचारी किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन और हर संभव सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture