किसानों के लिए सुनहरा मौका: दाल मिल लगाने पर सरकार देगी 25 लाख तक की सब्सिडी, 30 अगस्त तक करें आवेदन
30 जुलाई 2026, भोपाल: किसानों के लिए सुनहरा मौका: दाल मिल लगाने पर सरकार देगी 25 लाख तक की सब्सिडी, 30 अगस्त तक करें आवेदन – मध्यप्रदेश सरकार ने किसानों, किसान उत्पादक संगठनों (FPO) और सहकारी संस्थाओं को दलहन प्रसंस्करण के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। आत्मनिर्भरता मिशन के तहत वर्ष 2026-27 के लिए पोस्ट-हार्वेस्ट इंफ्रास्ट्रक्चर योजना के अंतर्गत दाल प्रसंस्करण एवं पैकेजिंग यूनिट (दाल मिल) की स्थापना के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक लाभार्थी 30 अगस्त 2026 तक आवेदन कर इस योजना का लाभ उठा सकते हैं।
उप संचालक कृषि संग्राम सिंह मरावी ने बताया कि योजना का उद्देश्य जिले में दलहन फसलों का मूल्य संवर्धन, प्रसंस्करण क्षमता बढ़ाना तथा किसानों को उनकी उपज के बेहतर दाम दिलाना है। इसके माध्यम से स्थानीय स्तर पर दाल मिलों की स्थापना को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे किसानों की आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
इन्हें मिलेगा योजना का लाभ
योजना के तहत किसान उत्पादक संगठन (FPO), क्लस्टर लेवल फेडरेशन (CLF), प्राथमिक कृषि साख समितियां (PACS) और व्यक्तिगत किसान आवेदन कर सकते हैं। पात्र आवेदकों का चयन शासन द्वारा निर्धारित नियमों और शर्तों के अनुसार किया जाएगा।
25 लाख तक मिलेगी सब्सिडी
चयनित लाभार्थियों को परियोजना की कुल स्वीकृत लागत का 33 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा। यह अनुदान अधिकतम 25 लाख रुपये तक होगा। इससे दाल मिल स्थापित करने की लागत में काफी कमी आएगी और किसानों को प्रसंस्करण के जरिए अधिक लाभ कमाने का अवसर मिलेगा।
बैंक ऋण पर मिलेगा ब्याज अनुदान
योजना का लाभ लेने के लिए संबंधित परियोजना हेतु बैंक से ऋण लेना अनिवार्य होगा। लाभार्थियों को कृषि अवसंरचना कोष के तहत 3 प्रतिशत ब्याज अनुदान भी मिलेगा। इसके बाद लाभार्थियों पर प्रभावी ब्याज दर केवल 6 प्रतिशत रहेगी, जिससे परियोजना का वित्तीय बोझ कम होगा।
यहां करें ऑनलाइन आवेदन
इच्छुक आवेदक 30 अगस्त 2026 तक मध्यप्रदेश कृषि अभियांत्रिकी पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजना की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, नियम एवं शर्तों और आवेदन प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत जानकारी पोर्टल पर उपलब्ध है। इसके अलावा आवेदक कार्यदिवसों में उप संचालक, किसान कल्याण एवं कृषि विकास कार्यालय, जिला उमरिया से भी संपर्क कर सकते हैं।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

