सहकारिता के क्षेत्र में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक खरगोन ने रचा नया कीर्तिमान
04 अगस्त 2026, (दिलीप दसौंधी, कृषक जगत, मंडलेश्वर): सहकारिता के क्षेत्र में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक खरगोन ने रचा नया कीर्तिमान – जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, खरगोन ने सहकारिता एवं किसान हितैषी सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करते हुए प्रदेश में अपनी अलग पहचान बनाई है। बैंक ने रबी उपार्जन, रासायनिक खाद वितरण, ई-विकास पोर्टल के सफल संचालन, कृषि ऋण वितरण एवं ऋण वसूली जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इसके माध्यम से लाखों किसानों को समय पर शून्य प्रतिशत ब्याज योजना का लाभ एवं विभिन्न सहकारी सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में बैंक की अमानतों में गत वर्ष की तुलना में 259.28 करोड़ रुपये की वृद्धि दर्ज की गई। बैंक का सकल लाभ 30.88 करोड़ रुपये से बढ़कर 50.66 करोड़ रुपये हो गया, जबकि शुद्ध लाभ 4.04 करोड़ रुपये से बढ़कर 17.59 करोड़ रुपये पहुंच गया। वहीं बैंक के एनपीए में भी 0.58 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई, जो बेहतर वित्तीय प्रबंधन का परिचायक है।
रबी विपणन वर्ष 2026-27 में खरगोन एवं बड़वानी जिले के 29 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से 13,193 किसानों से 7.77 लाख मीट्रिक टन से अधिक गेहूं का उपार्जन किया गया। इसके एवज में किसानों को 2,041 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया जा चुका है। इसी प्रकार 4,415 किसानों से 14,277.75 मीट्रिक टन चना खरीदा गया, जिसके लिए 83.88 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया।
बैंक से संबद्ध खरगोन एवं बड़वानी जिले की 182 बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के माध्यम से वर्ष 2025-26 में 3.03 लाख मीट्रिक टन रासायनिक खाद का भंडारण तथा 2.21 लाख मीट्रिक टन खाद का वितरण किया गया। राज्य शासन के ई-विकास पोर्टल के माध्यम से खाद वितरण व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी बनाया गया है। किसानों को उनकी पात्रता एवं फसल क्षेत्र के अनुसार ऑनलाइन टोकन जारी किए जा रहे हैं, जिससे समय पर उर्वरक उपलब्ध हो रहा है और अनावश्यक भीड़ की स्थिति समाप्त हुई है।
कृषि ऋण वितरण एवं वसूली के क्षेत्र में भी बैंक ने प्रदेश में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। बैंक से संबद्ध 182 प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को फसल ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। वर्ष 2025-26 में बैंक ने 76.79 प्रतिशत ऋण वसूली दर्ज की, जो पिछले वर्ष की तुलना में 0.32 प्रतिशत अधिक है। इस उपलब्धि के साथ जिला सहकारी केंद्रीय बैंक खरगोन प्रदेश में सर्वाधिक ऋण वसूली करने वाला जिला सहकारी केंद्रीय बैंक बना है।
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक खरगोन की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती संध्या रोकड़े ने बताया कि शासन, आयुक्त सहकारिता एवं पंजीयक सहकारी संस्थाएं भोपाल, अपेक्स बैंक भोपाल तथा संयुक्त आयुक्त सहकारिता एवं बैंक प्रशासक श्री बी.एल. मकवाना के मार्गदर्शन में बैंक किसानों को त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने और किसानों को अधिकतम लाभ पहुंचाने के लिए बैंक पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

