State News (राज्य कृषि समाचार)

कलेक्टर ने उन्नत कृषक पाटीदार के खेत का किया निरीक्षण

Share

16 अगस्त 2023, इंदौर: कलेक्टर ने उन्नत कृषक पाटीदार के खेत का किया निरीक्षण – कृषि में यदि नवाचार किए जाएं तो उसकी ख्याति दूर -दूर तक हो जाती है। ग्राम सारंगी तहसील पेटलावद जिला झाबुआ के उन्नत कृषक श्री बालाराम पाटीदार विभिन्न प्रकार के फलों एवं सब्जियों के बड़े उत्पादक हैं। तकनीकी ज्ञान के लिए विदेश यात्रा कर चुके श्री पाटीदार के खेत का गत दिनों झाबुआ की कलेक्टर सुश्री तन्वी हुड्डा ने निरीक्षण कर इनके कार्यों की प्रशंसा की और अन्य किसानों को प्रेरित करने को कहा।

श्री बालाराम पाटीदार ने कृषक जगत को बताया कि कलेक्टर सुश्री हुड्डा ने गत दिनों मेरे खेत की उद्यानिकी फसलों , यंत्रीकरण, संरक्षित खेती टपक सिंचाई, जैविक खेती आदि का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर को जानकारी दी गई कि विभिन्न प्रजातियों के फल एवं सब्जियों के पौधे यहाँ लगाए गए हैं। इनके बीज देश के विभिन्न गांवों और शहरों से एकत्रित किए गए हैं। मौसम्बी, आम के पौधारोपण से पहले गड्ढों में गोबर की खाद डाले जाने एवं इजराइल से जैविक खेती की शिक्षा प्राप्त करने की जानकारी देकर बताया कि अब करीब 80 % जैविक खेती की जा रही है। इसके अलावा कलेक्टर को जिले एवं अन्य स्थानों से आए किसानों को उद्यानिकी फसलों एवं जैविक खेती का प्रशिक्षण देने से भी अवगत कराया गया। इन दिनों मौसम्बी पर बहार आई हुई है। एक -एक पेड़ से करीब 1 क्विंटल मौसम्बी निकलने की संभावना है। यह देखकर सुश्री हुड्डा बहुत प्रसन्न हुईं। उन्होंने उद्यानिकी अधिकारी को ऐसी ही खेती के लिए अन्य किसानों को प्रेरित करने को कहा। बता दें कि श्री पाटीदार को उन्नत उद्यानिकी कृषि के लिए कई पुरस्कार मिल चुके हैं।

उल्लेखनीय है कि कलेक्टर सुश्री हुड्डा ने ग्राम सारंगी के अलावा ग्राम माण्डन एवं ग्राम मोहनकोट के उन्नत कृषकों से भी मुलाकात की। ग्राम माण्डन में 4 भाइयो द्वारा संरक्षित खेती अंतर्गत अनुदान प्राप्त शेडनेट हाउस का निरीक्षण किया। किसानों ने बताया कि डेढ़ लाख की लागत से खीरे की फसल लगाई गई जिससे इन्हें 10 लाख का लाभ हुआ। वहीं कलेक्टर को शिमला मिर्च की खेती , गेंदे के फूल की खेती एवं अमरूद के बगीचे भी दिखाए। वहीं ग्राम मोहनकोट पहुंचकर कलेक्टर ने किसान श्री राफेल भूरिया से भी चर्चा की। श्री भूरिया ने ड्रिप इरिगेशन सिस्टम के माध्यम से खेती , मछली पालन एवं पशुपालन करने की भी जानकारी दी गई। किसान द्वारा स्वयं खाद एवं कीटनाशक बनाकर अन्य कृषकों को बेचने एवं किसानों को जैविक खेती की ट्रेनिंग देने के बारे में भी बताया गया । कलेक्टर ने इन दोनों किसानों के कार्यों की प्रशंसा कर अन्य को प्रोत्साहित करने को कहा।

(नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़,  टेलीग्राम )

Share
Advertisements