Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

सीहोर में 7 अगस्त को लगेगा बलराम कृषि महोत्सव, कृषि वैज्ञानिक बताएंगे आधुनिक खेती के गुर

05 अगस्त 2026, सीहोर: सीहोर में 7 अगस्त को लगेगा बलराम कृषि महोत्सव, कृषि वैज्ञानिक बताएंगे आधुनिक खेती के गुर – किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत खेती एवं शासन की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 07 अगस्त को सीहोर स्थित कृषि उपज मंडी में बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव में जिले भर से किसानों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की भी गरिमामयी उपस्थिति रहेगी, जबकि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअल माध्यम से किसानों को संबोधित करेंगे।

 बलराम कृषि महोत्सव के आयोजन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां की जा रही हैं। कार्यक्रम में कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा कृषि आधारित प्रदर्शनी एवं स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों पर किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों, उन्नत बीज, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, फसल विविधीकरण, सिंचाई तकनीकों, उद्यानिकी, पशुपालन तथा शासन की विभिन्न किसान कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। साथ ही किसानों को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया जाएगा। महोत्सव का प्रमुख आकर्षण कृषि वैज्ञानिकों द्वारा किसानों का मार्गदर्शन रहेगा। कृषि विशेषज्ञ वैज्ञानिक खेती, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, जल संरक्षण, फसल सुरक्षा, उन्नत उत्पादन तकनीकों तथा बदलती जलवायु के अनुरूप कृषि प्रबंधन पर किसानों को व्यावहारिक जानकारी देंगे। किसान विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर अपनी कृषि संबंधी समस्याओं का समाधान भी प्राप्त कर सकेंगे।

कार्यक्रम में किसानों को नवीन कृषि तकनीकों को अपनाने, उत्पादन लागत कम करने तथा आय बढ़ाने के उपायों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं, अनुदान, कृषि यंत्रीकरण एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में भी विस्तार से जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। जिला प्रशासन ने जिले के किसानों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में बलराम कृषि महोत्सव में शामिल होकर कृषि विशेषज्ञों के मार्गदर्शन एवं शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त करें। यह महोत्सव किसानों को आधुनिक एवं लाभकारी कृषि पद्धतियों से जोड़ने तथा कृषि क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture