राज्य कृषि समाचार (State News)

खेती का रकबा बढ़ाने और किसानों की आय में वृद्धि के लिए विशेष कार्ययोजना बनायी  जाए- इंदौर संभागायुक्त

कृषि, सहकारिता, मण्डी बोर्ड, मत्स्य सहित विभिन्न विभागों की विभागीय बैठक आयोजित

05 अगस्त 2026, इंदौरखेती का रकबा बढ़ाने और किसानों की आय में वृद्धि के लिए विशेष कार्ययोजना बनायी  जाए- इंदौर संभागायुक्त –  संभागायुक्त श्री भास्कर लक्षकार की अध्यक्षता में सोमवार को कृषि विभाग, सहकारिता विभाग, मण्डी बोर्ड, मत्स्य विभाग, पशुपालन एवं डेयरी विभाग, दुग्ध संघ, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण आदि विभागों की विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के संयुक्त संचालक, संयुक्त आयुक्त विकास श्रीमती शिवानी वर्मा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। संभागायुक्त श्री लक्षकार ने कहा कि यह वर्ष कृषि कल्याण वर्ष है। कृषि का रकबा बढ़ाने और किसानों की आय में वृद्धि करने के लिए विशेष कार्ययोजना बनायी जाये। शासन की योजनाओं का लाभ सभी पात्र किसानों को मिले। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से पात्र हितग्राही छूटे नहीं। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जाये।  उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादक को बढ़ावा देने के लिये राज्य शासन द्वारा चलायी जा रही डॉ. अम्बेडकर भीमराव कामधेनु योजना का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाये। जैविक उत्पाद की बिक्री के लिये ई-प्लेटफार्म सुनिश्चित किये जाये। अमानक उर्वरक एवं बीज की बिक्री करने वालों के विरूद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाये। साथ ही भू-राजस्व की वसूली में तेजी लायी जाये। जे फार्मा एप में पंजीयन की कठिनाई को कैसे सरल बनाया जा सकता है, इस बारे में विशेष कार्य योजना बनायें। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों को गंभीरता से लिया जाए तथा समय सीमा में प्रकरणों का निराकरण किया जाये।

संभागायुक्त श्री लक्षकार ने कहा कि इंदौर संभाग में नरवाई प्रबंधन में सुदृढ़ता लायी जाये। किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन हेतु वैकल्पिक संसाधन एवं व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाये, उन्हें नरवाई जलाने के बजाय पर्यावरण अनुकूल उपाय अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाये। इन प्रयासों से संभाग में नरवाई जलाने की घटनाओं में कमी आयेगी। उन्होंने कहा कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान में पात्र हितग्राहियों को जोड़ा जाये। उन्होंने कहा कि विभागों में ई-ऑफिस प्रणाली को और सुदृढ़ किया जाये। उन्होंने कहा कि इंदौर सहकारी दुग्ध संघ अपने उत्पादों की बिक्री के लिये रिटेल आउटलेट की संख्या बढ़ायें। दूध उत्पादन की वृद्धि के लिये विशेष कार्ययोजना बनाएं। साथ ही मत्स्य उत्पादन की बिक्री के लिये स्मार्ट सिटी पार्लर बनाया जाये। मत्स्य उद्योग को बढ़ावा देने लिये ऐसे स्थान चिन्हित किया जाये, जहां बड़ी संख्या में खरीददार आते हैं।

बैठक में बताया गया कि संभाग में फसल उपार्जन के लिये मण्डी बोर्ड की 16 मंडियां है। मंडियों एवं उप मंडियों में 10 टन से अधिक के कांटे लगाए गए हैं। मण्डी बोर्ड द्वारा फसलों का उपार्जन ई-प्रणाली  से हो रहा है। बैठक में क्षीरधारा ग्राम योजना, डेयरी प्लस योजना, एकीकृत बागवानी विकास मिशन परियोजना आदि विषयों पर भी चर्चा की गई।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture