National News (राष्ट्रीय कृषि समाचार)

भारत ने सामान्य फसल अनुमान के लिए लॉन्च किया मोबाइल ऐप

Share

23 सितम्बर 2023, नई दिल्ली: भारत ने सामान्य फसल अनुमान के लिए लॉन्च किया मोबाइल ऐप – सामाजिक लाभ के लिए डिजिटल प्रौद्योगिकी को अधिकतम करने के लिए कृषि और किसान कल्याण विभाग (डीए एंड एफडब्ल्यू) के सचिव, मनोज आहूजा द्वारा जीसीईएस (सामान्य फसल अनुमान सर्वेक्षण) के लिए एक मोबाइल एप्लिकेशन और एक वेब पोर्टल लॉन्च किया गया।

इस पोर्टल और मोबाइल एप्लिकेशन को कृषि पद्धतियों में बदलाव लाने के लिए डिज़ाइन किया गया है। मनोज आहूजा ने कृषि में वास्तविक समय के अनुमान और प्रौद्योगिकी की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने उल्लेख किया कि सच्चे और विश्वसनीय परिणाम उत्पन्न करने के लिए डेटा की सटीकता एक बहुत ही महत्वपूर्ण घटक है और डेटा की सटीकता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी डेटा प्रदाताओं की भी है। इसलिए, उन्होंने सभी राज्यों से साख सुनिश्चित करने के लिए जीसीईएस पोर्टल और एप्लिकेशन को अपनाने का अनुरोध किया।

जीसीईएस वेब पोर्टल और मोबाइल एप्लिकेशन द्वारा समाधान पाने वाली प्रमुख चुनौतियां:

1. सूचना प्रबंधन में विलंब- अब तक डेटा संग्रह, संकलन और उपज का आकलन करना पूरी तरह से हस्तचालित कार्य रहा है, जिसके कारण राज्यों को सूचना प्रबंधन करने में विलंब होता है। अब नई प्रक्रिया में, जीपीएस से सक्षम मोबाइल एप्लिकेशन का इस्तेमाल करके क्षेत्रीय डेटा एकत्र किया जाएगा और उसे सर्वर में संग्रहीत किया जाएगा, जिससे फसल आंकड़ों की समय पर रिपोर्टिंग सुनिश्चित हो जाएगी।

2. पारदर्शिता- जीपीएस से लैस डिवाइस डेटा संग्रह बिंदुओं के लिए सटीक अक्षांश एवं देशांतर निर्देशांक प्रदान करते हैं। इससे यह जानकारी सुनिश्चित हो जाती है कि डेटा विशिष्ट भौगोलिक स्थानों से संबंधित है और यह भी पता चलता है कि डेटा को कहां पर एकत्र किया गया था, इसके बारे में अस्पष्टता या हेरफेर के लिए कोई स्थान शेष बचता ही नहीं है।

जीसीईएस वेब पोर्टल और मोबाइल एप्लिकेशन की मुख्य विशेषताएं:

1. विस्तृत जानकारी- पोर्टल एवं ऐप गांव-गांव के आधार पर जीसीईएस योजना तथा भूखंड विवरण सहित उपज अनुमान का एक विस्तृत संग्रह उपलब्ध कराते हैं, विशेषकर जहां पर फसल कटाई के लिए प्रायोगिक परीक्षण किए जाते हैं, कटाई के तुरंत बाद फसल का भार और फिर फसल का सूखा वजन देखा जाता है।

2. भूमि-संदर्भ- भूमि-संदर्भ इस मोबाइल एप्लिकेशन की प्रमुख विशेषताओं में से एक है, जो प्राथमिक उपयोगकर्ता को प्रायोगिक भूखंड की सीमा खींचने और इसके माध्यम से भूमि के टुकड़े के साथ-साथ फसलों की तस्वीरें अपलोड करने में सक्षम बनाता है। यह सुविधा डेटा की पारदर्शिता एवं सटीकता को भी सुनिश्चित करेगी।

(नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़,  टेलीग्राम )

Share
Advertisements