State News (राज्य कृषि समाचार)

उदयपुर कृषि विश्वविद्यालय में प्राकृतिक खेती पर प्रशिक्षण

Share

05 सितम्बर 2023, उदयपुर: उदयपुर कृषि विश्वविद्यालय में प्राकृतिक खेती पर प्रशिक्षण – महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, उदयपुर के अनुसंधान निदेशालय में ‘‘प्राकृतिक खेती- वर्तमान स्थिति एवं भविष्य की संभावनाओं’’ पर  15 दिवसीय राष्ट्रीय प्रशिक्षण का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉक्टर आर. सी. अग्रवाल, उप महानिदेशक कृषि शिक्षा, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली, ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्राकृतिक कृषि के  महत्व को देखते हुए इस विषय  पर स्नातक छात्रों के लिए विशेष पाठ्यक्रम पूरे देश  में आरंभ किया जा रहा है। साथ ही  सभी विश्वविद्यालयों के वैज्ञानिकों, शिक्षकों एवं विषय विशेषज्ञों के लिए प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का प्राकृतिक खेती में वृहद अनुसंधान कार्य एवं अनुभव होने के कारण यह यह विशेष दायित्व विश्वविद्यालय को दिया गया है l

कुलपति डॉ अजीत कुमार कर्नाटक, ने कहा की विश्वविद्यालय प्राकृतिक खेती पर सबसे पहले प्रशिक्षण आयोजित करके देश  में अग्रणी संस्थान है। उन्होंने कहा कि सभी को खाद्य सुरक्षा प्रदान करना एवं प्रकृति तथा पारिस्थितिक कारकों को कृषि में समावेश करके ही पूरे कृषि तंत्र को ‘‘शुद्ध कृषि’’ में रूपांतरित किया जा सकता है।

डॉ. एस के शर्मा, उपनिदेशक, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, ने कहा कि सर्वप्रथम रसायन मुक्त कृषि फिर जैविक खेती और वर्तमान में प्राकृतिक खेती का युग चल रहा है। भारत में वर्ष 2000 को जैविक कृषि तथा वर्ष 2020 को प्राकृतिक खेती का मानक वर्ष माना जाता है। इसके  महत्व को देखते हुए पूरे देश  में प्राकृतिक कृषि का 180 क्रेडिट का पाठ्यक्रम स्नातक विद्यार्थियों को पढ़ाया जाएगा।

डॉ अरविंद वर्मा, निदेशक अनुसंधान एवं कोर्स डायरेक्टर ने प्रशिक्षण की रूपरेखा प्रस्तुत की। आपने  बताया कि प्रशिक्षण में तीन राज्यों से नौ विश्वविद्यालय के 35 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। पूरे प्रशिक्षण में 46 व्याख्यान, 13 प्रयोग प्रशिक्षण एवं दो प्रशिक्षण भ्रमणों द्वारा प्रतिभागियों को प्रशिक्षित किया जाएगा।

डॉ. पी. के. सिंह, अधिष्ठाता ने बताया कि इस प्रशिक्षण द्वारा प्राकृतिक खेती पर सुदृढ़ पाठ्य सामग्री एवं निर्देशिका तैयार की जाएगी जिसे प्रशिक्षण उपरांत सभी प्रतिभागी अपने-अपने क्षेत्र में प्राकृतिक खेती के प्रचार के लिए उपयोग में ले सकेंगे। डॉ. अमित त्रिवेदी, क्षेत्रीय निदेशक अनुसंधान, उदयपुर ने धन्यवाद प्रेषित किया। 

(नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़,  टेलीग्राम )

Share
Advertisements