Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राष्ट्रीय कृषि समाचार (National Agriculture News)

8वें रोजगार मेले में 51 हजार से ज्यादा नियुक्ति-पत्र दिये गए

आज देश की ताकत बढ़ रही, जनशक्ति प्रामाणिकता सिद्ध कर रही है  – केंद्रीय कृषि मंत्री श्री तोमर

29 अगस्त 2023, नई दिल्ली/भोपाल: 8वें रोजगार मेले में 51 हजार से ज्यादा नियुक्ति-पत्र दिये गए – प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने आज रोज़गार मेले में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग द्वारा नवनियुक्त भर्ती के 51 हजार से अधिक नियुक्ति-पत्र वितरित किए। देशभर में यह मेला 45 जगह आयोजित किया गया। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने अमृत काल के दौरान ‘अमृत रक्षक’ के रूप  में चयन हेतु नवनियुक्त युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि ये अमृत रक्षक न केवल देश की सेवा करेंगे, बल्कि देश व देशवासियों की रक्षा भी करेंगे। भोपाल में रोजगार मेले का आयोजन केंद्रीय कृषि मंत्री श्री नरेंद्र सिंह तोमर के आतिथ्य में हुआ, जहां उन्होंने युवाओं को सरकारी नौकरी से आगे बढ़कर सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से निरंतर बढ़ रहे रोजगार के अपार अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।

​मुख्य उद्बोधन में प्रधानमंत्री श्री मोदी ने रेखांकित किया कि अर्धसैनिक बलों में भर्ती के लिए परीक्षा अब 13 स्थानीय भाषाओं में भी कराई जा रही है, जबकि पहले सिर्फ हिंदी या अंग्रेजी चुनने का ही विकल्प होता था, अब मातृभाषा का मान बढ़ा है। इस बदलाव से लाखों युवाओं के लिए रोजगार के रास्ते खुल गए हैं।

​सशस्त्र सीमा बल अकादमी (एसएसबी) द्वारा बैरागढ़ (भोपाल) में आयोजित मेले में केंद्रीय मंत्री श्री तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने घोषणा की थी कि हम इस वर्ष 10 लाख युवाओं को शासकीय रोजगार से जोड़ेंगे, प्रसन्नता है कि अभी तक करीब 5 लाख युवाओं को रोजगार मिल चुका है। प्रधानमंत्रीजी का यह निर्णय अभिनंदनीय है। हर नागरिक के मन में इच्छा रहती है कि उसका देश आगे बढ़े, देश का गौरव बढ़े। हम यह इच्छा रखते हैं तो इसे पूरा करने के लिए प्रयत्नशील होना भी आवश्यक है। हमारे देश की 140 करोड़ आबादी, सांस्कृतिक विविधता हमारी ताकत है, जिसका ठीक दिशा में इस्तेमाल होता है तो परिणाम अच्छा ही आता है।भोपाल में एसएसबी के निदेशक श्री संजीव शर्मा, इंदौर विकास प्राधिकरण अध्यक्ष श्री जयपाल सिंह चावड़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, केंद्र वप्रदेश सरकार के अधिकारी व नवनियुक्ति कार्मिक उपस्थित थे।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

(नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़,  टेलीग्राम )

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें