विदिशा: मुख्यमंत्री मछुआ समृद्धि योजना के लिए आवेदन आमंत्रित
06 जुलाई 2026, विदिशा: विदिशा: मुख्यमंत्री मछुआ समृद्धि योजना के लिए आवेदन आमंत्रित – जिला विदिशा ने मुख्यमंत्री मछुआ समृद्धि योजना अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पात्र हितग्राहियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में मत्स्य उत्पादन को बढ़ावा देने तथा मत्स्य व्यवसाय से जुड़े लोगों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों पर शासन द्वारा अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा।
योजना के अंतर्गत ऐसे ग्रामीण मौसमी तालाब, जिनमें तीन से छह माह तक पानी रहता हो, उनमें मत्स्य बीज संवर्धन तथा छह से नौ माह तक पानी रहने वाले तालाबों में मत्स्य पालन के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इसके अलावा ग्रामीण तालाबों में झींगा पालन के लिए भी पात्र हितग्राही आवेदन कर सकते हैं।
सहायक संचालक मत्स्योद्योग ने बताया कि सभी वर्गों के ग्रामीण तालाब पट्टाधारक हितग्राही, स्व-सहायता समूह तथा मछुआ सहकारी समितियां अपने आवेदन शीघ्र कार्यालय सहायक संचालक मत्स्योद्योग, जिला विदिशा में जमा करें। प्रकरण स्वीकृत होने के बाद शासन के नियमानुसार इकाई लागत का 40 प्रतिशत अनुदान कार्य पूर्ण होने के उपरांत प्रदान किया जाएगा।
इसी योजना के अंतर्गत जिले में स्मार्ट फिश पार्लर स्थापित करने के लिए भी प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं। नगरीय निकायों एवं ग्राम पंचायतों से अनुरोध किया गया है कि वे शासकीय भूमि का चयन कर आवश्यक प्रस्ताव एवं ठहराव सहित आवेदन कार्यालय सहायक संचालक मत्स्योद्योग, जिला विदिशा में शीघ्र प्रस्तुत करें।
चयन समिति द्वारा चयनित नगर निकायों एवं ग्राम पंचायतों को स्मार्ट फिश पार्लर की स्थापना के लिए 5 लाख रुपये की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। विभाग ने सभी पात्र हितग्राहियों एवं स्थानीय निकायों से समय-सीमा के भीतर आवेदन प्रस्तुत कर योजना का लाभ उठाने की अपील की है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

