किसानों को झटका! नवंबर से महंगे होंगे कुबोटा, फार्मट्रैक और पावरट्रैक के ट्रैक्टर, कंपनी ने किया ऐलान
02 नवंबर 2026, भोपाल: किसानों को झटका! नवंबर से महंगे होंगे कुबोटा, फार्मट्रैक और पावरट्रैक के ट्रैक्टर, कंपनी ने किया ऐलान – खेती-किसानी के काम आने वाले ट्रैक्टर खरीदने की तैयारी कर रहे किसानों को अब ज्यादा कीमत चुकानी पड़ सकती है। एस्कॉर्ट्स कुबोटा लिमिटेड ने अपने तीन प्रमुख ट्रैक्टर ब्रांड कुबोटा, फार्मट्रैक और पावरट्रैक की कीमतों में बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। कंपनी के अनुसार, ट्रैक्टरों के नए दाम नवंबर 2026 से लागू होंगे। यह फैसला त्योहारी सीजन समाप्त होने के बाद लिया जाएगा। हालांकि, कीमतों में कितनी बढ़ोतरी होगी, इसकी जानकारी फिलहाल नहीं दी गई है। कंपनी ने इस फैसले के पीछे कच्चे माल, ऊर्जा, परिवहन और उत्पादन से जुड़ी लागत में लगातार हो रही वृद्धि को वजह बताया है। इसके अलावा महंगाई और वैश्विक परिस्थितियों के कारण भी उत्पादन खर्च पर दबाव बढ़ा है।
अलग-अलग मॉडल के हिसाब से बढ़ेंगे दाम
एस्कॉर्ट्स कुबोटा के तीनों ब्रांड के सभी ट्रैक्टरों की कीमतों में एक समान बढ़ोतरी नहीं होगी। कंपनी के मुताबिक, अलग-अलग मॉडल, वेरिएंट और क्षेत्र के आधार पर नए दाम तय किए जाएंगे। ऐसे में ट्रैक्टर खरीदने वाले किसानों को अपने पसंदीदा मॉडल की नई कीमत जानने के लिए नजदीकी अधिकृत डीलर से संपर्क करना होगा।
बढ़ती लागत का बोझ अब ग्राहकों पर भी पड़ेगा
कंपनी का कहना है कि पिछले कुछ महीनों से कच्चे माल और उत्पादन में इस्तेमाल होने वाली अन्य जरूरी चीजों की कीमतें बढ़ रही हैं। लागत में इस बढ़ोतरी के असर को कम करने के लिए कंपनी ने खर्चों में कटौती और कामकाज को अधिक प्रभावी बनाने जैसे कदम उठाए हैं। इसके बावजूद उत्पादन खर्च में लगातार इजाफा हो रहा है। कंपनी अब तक बढ़ी हुई लागत का बड़ा हिस्सा खुद वहन कर रही थी, लेकिन कारोबार और उत्पादन पर बढ़ते आर्थिक दबाव को देखते हुए ट्रैक्टरों की कीमतों में संशोधन करना जरूरी हो गया है।
नए ट्रैक्टर मॉडल पर भी कंपनी का ध्यान
एस्कॉर्ट्स कुबोटा अपने ट्रैक्टर कारोबार को मजबूत करने के लिए नए मॉडल और उत्पाद श्रृंखलाओं पर भी काम कर रही है। कंपनी ने हाल के समय में फार्मट्रैक प्रोमैक्स श्रृंखला, पावरट्रैक शौर्य श्रृंखला, डिजिट्रैक के नए मॉडल और कुबोटा की नियोस्टार व एमयू श्रृंखला पर ध्यान दिया है। कंपनी का उद्देश्य किसानों को खेती और कृषि से जुड़े अलग-अलग कामों के लिए आधुनिक तकनीक वाले ट्रैक्टर उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही अपने डीलर नेटवर्क का विस्तार करने पर भी काम किया जा रहा है।
कंपनी ने क्या कहा?
एस्कॉर्ट्स कुबोटा के कृषि कारोबार के अध्यक्ष मनीष शर्मा ने कहा कि कंपनी ने बढ़ती लागत का असर ग्राहकों पर कम से कम डालने का प्रयास किया है। कीमतों में संतुलित बढ़ोतरी से कंपनी ट्रैक्टरों की गुणवत्ता, नई तकनीक और ग्राहकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर ध्यान जारी रख सकेगी।
इस फैसले के बाद नवंबर 2026 से कुबोटा, फार्मट्रेक और पावरट्रैक के नए ट्रैक्टर खरीदने वाले किसानों को अधिक कीमत चुकानी पड़ सकती है। ऐसे में जो किसान नया ट्रैक्टर खरीदने की योजना बना रहे हैं, वे खरीदारी से पहले अपने नजदीकी अधिकृत डीलर से नई कीमतों की जानकारी जरूर ले लें।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


