गुना: गुलाब की खेती से बदलेगी किसानों की किस्मत, अब 25 से 30 लाख रुपए प्रति एकड़ सालाना कमाई का लक्ष्य
02 नवंबर 2026, गुना: गुना: गुलाब की खेती से बदलेगी किसानों की किस्मत, अब 25 से 30 लाख रुपए प्रति एकड़ सालाना कमाई का लक्ष्य – मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत गुना जिले के कलेक्टर किशोर कन्याल ने ग्राम भादौर में प्रगतिशील कृषक धर्मवीर सिंह रघुवंशी के एक एकड़ क्षेत्र में स्थापित गुलाब के पॉलीहाउस का भ्रमण किया। पॉलीहाउस में एक माह पूर्व गुलाब के लगभग 30 हजार पौधे रोपित किये गए हैं, जिनसे चौथे माह से व्यावसायिक उत्पादन प्रारंभ होने की उम्मीद है। कलेक्टर कन्याल ने कहा कि गुना जिले में पॉलीहाउस के माध्यम से गुलाब की खेती तेजी से लोकप्रिय हो रही है। जिले के उच्च शिक्षित युवा भी आधुनिक तकनीक आधारित इस खेती की ओर आकर्षित हो रहे हैं। वर्तमान में किसान एक एकड़ पॉलीहाउस से लगभग 15 लाख रुपए तक का शुद्ध वार्षिक मुनाफा अर्जित कर रहे हैं।
जिला प्रशासन का प्रयास है कि उन्नत तकनीक, बेहतर उत्पादन प्रबंधन और आधुनिक विपणन व्यवस्था के माध्यम से इस आय को बढ़ाकर 25 से 30 लाख रुपए प्रति एकड़ प्रतिवर्ष तक पहुंचाया जाए। उन्होंने बताया कि वर्तमान में एक एकड़ पॉलीहाउस से लगभग 5 लाख गुलाब के फूलों का उत्पादन हो रहा है। इसे उन्नत तकनीकों के उपयोग से बढ़ाकर 7 से 8 लाख फूल प्रति एकड़ प्रतिवर्ष करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही फूलों की गुणवत्ता, आकर्षक पैकिंग, ब्रांडिंग और बेहतर मार्केटिंग पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि गुना के गुलाबों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान मिल सके।
पॉलीहाउस संचालक धर्मवीर सिंह रघुवंशी के सुपुत्र आदित्य रघुवंशी दिल्ली के फूल बाजार का अध्ययन कर अपने गुलाबों को दिल्ली में विक्रय करने की तैयारी कर रहे हैं। साथ ही भविष्य में गुलाबों के निर्यात की संभावनाओं पर भी कार्य किया जा रहा है।
50 एकड़ से अधिक क्षेत्र में गुलाब की खेती, आधुनिक तकनीक पर जोर
उल्लेखनीय है कि गुना जिले में वर्तमान में 50 एकड़ से अधिक क्षेत्र में पॉलीहाउस के माध्यम से गुलाब की खेती की जा रही है। किसान अब सेंसर आधारित ऑटोमेशन, फर्टिगेशन सिस्टम, फार्म गेट पैक हाउस और कोल्ड रूम जैसी अत्याधुनिक सुविधाओं को अपनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उद्यानिकी विभाग द्वारा पात्रतानुसार इन गतिविधियों पर 40 से 50 प्रतिशत तक अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है।
क्लस्टर आधारित खेती से किसानों की आय बढ़ाने पर जोर
इस अवसर पर उप संचालक उद्यान के.पी.एस. किरार ने कहा कि विभाग का विशेष जोर किसानों को संगठित कर क्लस्टर आधारित खेती के लिए प्रोत्साहित करने पर है। जब किसान एक ही क्षेत्र में समूह के रूप में समान फसल का उत्पादन करेंगे, तो पैक हाउस, ग्रेडिंग, पैकेजिंग, कोल्ड स्टोरेज एवं विपणन जैसी पोस्ट हार्वेस्ट प्रबंधन गतिविधियों को सामूहिक रूप से विकसित करना आसान होगा। इससे किसानों की लागत कम होगी और उन्हें अपने उत्पाद का बेहतर मूल्य मिल सकेगा। उन्होंने बताया कि पॉलीहाउस में गुलाब की खेती के साथ-साथ गुना एवं बमोरी विकासखंड में खुले खेतों में भी पुष्प क्षेत्र विस्तार योजना के अंतर्गत क्लस्टर विकसित किए जा रहे हैं। इनमें गेंदा, गुलाब, रजनीगंधा एवं ग्लेडियोलस जैसे फूलों की खेती को प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि जिले में पुष्प उत्पादन का एक व्यापक नेटवर्क विकसित हो सके। भ्रमण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत गुना अभिषेक दुबे, उपसंचालक उद्यान जिला गुना के.पी.एस. किरार सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


