मध्यप्रदेश में कृषि यंत्रों पर अनुदान के लिए आवेदन शुरू
स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम की लॉटरी 30 अक्टूबर को
गार्लिक बल्ब ब्रेकर और वेजिटेबल ट्रांसप्लांटर के लिए 26 अक्टूबर तक करें आवेदन
24 अक्टूबर 2026, भोपाल: मध्यप्रदेश में कृषि यंत्रों पर अनुदान के लिए आवेदन शुरू – मध्यप्रदेश में किसानों को आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ई-कृषि यंत्र अनुदान पोर्टल पर विभिन्न कृषि उपकरणों के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। संचालनालय कृषि अभियांत्रिकी, मध्यप्रदेश शासन द्वारा स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम (SMS) सहित अन्य कृषि यंत्रों के लिए जिलेवार आवेदन प्रक्रिया निर्धारित की गई है।
स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम के लिए 29 अक्टूबर तक मौका
स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम (SMS) कृषि यंत्र के लिए किसान 21 अक्टूबर से 29 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्राप्त आवेदनों के आधार पर लाभार्थियों के चयन के लिए 30 अक्टूबर 2026 को लॉटरी आयोजित की जाएगी। इस यंत्र के लिए निर्धारित धरोहर राशि 3,500 रुपये है। आवेदन के साथ संबंधित जिले के सहायक कृषि यंत्री के नाम निर्धारित राशि का डिमांड ड्राफ्ट जमा करना अनिवार्य है।
दो अन्य कृषि यंत्रों की तारीख बढ़ी
विभाग ने गार्लिक बल्ब ब्रेकर कम ग्रेडर तथा न्यूमेटिक सेमी-ऑटोमैटिक वेजिटेबल/मल्टी-सीडिंग ट्रांसप्लांटर के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 26 अक्टूबर 2026 कर दी है। इन दोनों कृषि यंत्रों के लिए लाभार्थियों के चयन की लॉटरी 27 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित है।
गार्लिक बल्ब ब्रेकर कम ग्रेडर के लिए 8,850 रुपये तथा न्यूमेटिक सेमी-ऑटोमैटिक वेजिटेबल/मल्टी-सीडिंग ट्रांसप्लांटर के लिए 5,600 रुपये की धरोहर राशि निर्धारित है। यह राशि संबंधित जिले के सहायक कृषि यंत्री के नाम आवेदक किसान के स्वयं के बैंक खाते से डिमांड ड्राफ्ट के माध्यम से जमा करनी होगी।
पोर्टल पर देखें विस्तृत जानकारी
इच्छुक किसान मध्यप्रदेश कृषि अभियांत्रिकी संचालनालय के ई-कृषि यंत्र अनुदान पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने से पहले किसान अपने जिले में संबंधित यंत्र के लक्ष्य, पात्रता की शर्तें, धरोहर राशि और अन्य आवश्यक निर्देशों की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। निर्धारित धरोहर राशि के बिना आवेदन मान्य नहीं होगा।
किसानों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय पर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें, ताकि आधुनिक कृषि यंत्रों पर मिलने वाले अनुदान का लाभ प्राप्त करने के लिए चयन प्रक्रिया में शामिल हो सकें।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


