नरवाई प्रबंधन को लेकर कलेक्टर ने ली कंबाइन हार्वेस्टर संचालकों की बैठक
कंबाइन हार्वेस्टर के साथ एसएमएस अथवा स्ट्रॉ रीपर का उपयोग अनिवार्य, नरवाई जलाने वालों पर होगी दंडात्मक कार्रवाई
02 नवंबर 2026, छिन्दवाड़ा: नरवाई प्रबंधन को लेकर कलेक्टर ने ली कंबाइन हार्वेस्टर संचालकों की बैठक – मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत ग्राम जमुनिया में आयोजित जनसंवाद एवं जनसमस्या निवारण शिविर के पश्चात कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री हरेंद्र नारायन ने नरवाई प्रबंधन के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कार्यशाला आयोजित कर जिले के कंबाइन हार्वेस्टर संचालकों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने फसल अवशेष प्रबंधन, नरवाई जलाने की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिए।
कंबाइन हार्वेस्टर के साथ एसएमएस अथवा स्ट्रॉ रीपर का उपयोग करें – कलेक्टर श्री नारायन ने हार्वेस्टर संचालकों को निर्देशित किया कि जिले में फसल कटाई के दौरान कंबाइन हार्वेस्टर के साथ स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम (एसएमएस) अथवा स्ट्रॉ रीपर का उपयोग अनिवार्य रूप से किया जाए। बिना एसएमएस अथवा स्ट्रॉ रीपर के फसल कटाई नहीं की जाए। साथ ही हार्वेस्टर संचालक किसानों को भी फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन के लिए जागरूक करें। उन्होंने किसानों को नरवाई प्रबंधन के लिए उपयोगी अन्य कृषि यंत्रों जैसे सुपर सीडर, बेलर एवं मल्चर आदि के उपयोग के लिए भी प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।
नरवाई जलाने वालों पर होगी दंडात्मक कार्रवाई – कलेक्टर श्री नारायन ने स्पष्ट किया कि नरवाई में आग लगाने की घटनाओं को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने किसानों को नरवाई जलाने से पर्यावरण, भूमि की उर्वरता तथा मिट्टी में मौजूद लाभकारी सूक्ष्म जीवों को होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नरवाई जलाने वालों एवं निर्धारित निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर दंडात्मक कार्रवाई करते हुए जुर्माना अधिरोपित किया जाएगा।
कलेक्टर ने किसानों से की नरवाई नहीं जलाने की अपील – कलेक्टर श्री नारायन ने किसानों से अपील की कि वे नरवाई न जलाएं तथा आधुनिक कृषि यंत्रों एवं वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाकर फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करें। नरवाई प्रबंधन के प्रभावी उपाय अपनाकर किसान पर्यावरण संरक्षण और भूमि की उर्वरता बनाए रखने में अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करें।
बैठक में उप संचालक कृषि श्री मोरिस नाथ, परियोजना संचालक आत्मा श्री धीरज ठाकुर, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व छिंदवाड़ा श्री पुष्पेन्द्र निगम, सहायक कृषि यंत्री श्री अश्विनी सिंह, सहायक संचालक कृषि सहित कृषि विभाग के अन्य अधिकारी एवं जिले के कंबाइन हार्वेस्टर संचालक उपस्थित थे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


