Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

ग्राम पंचायत हंडिया में ‘वसुमता क्लस्टर कैम्प’ सम्पन्न

27 जनवरी 2023, हरदा: ग्राम पंचायत हंडिया में ‘वसुमता क्लस्टर कैम्प’ सम्पन्न – ‘‘वसुमता क्लस्टर कैम्प‘‘ का आयोजन कल ग्राम पंचायत हंडिया में किया गया। कैम्प में हंडिया, बागरूल, बेसवां, हीरापुर, खेडीनीमा, कोलीपुरा, रिजगांव, साल्याखेडी, सिंगोन, कांकडदा, मांगरूल, नयापुरा आदि गांव के किसान सम्मिलित हुए। कैम्प में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, सहकारिता, कृषि उपज मंडी एवं कृषि विज्ञान केन्द्र आदि के अधिकारी तथा संयुक्त कलेक्टर श्री डी.के. सिह उपस्थित थे। कैम्प में समसामायिक तकनीकी समस्याओं का निराकरण किया गया तथा आने वाले समय में रबी फसलों में कीट व्याधि नियंत्रण हेतु तकनीकी जानकारी दी गई।

वसुमता शिविर में संयुक्त कलेक्टर श्री डी.के. सिंह ने किसानों से अनुरोध किया कि, वसुमता क्लस्टर कैम्प जिला प्रशासन की एक अनूठी पहल है, किसान भाई इसका अधिक से अधिक लाभ लेवें। वसुमता क्लस्टर कैम्प में दी गई जानकारी से अन्य कृषको को भी अवगत करावें। कृषि विभाग के श्री अनिल मलगायां एवं श्री अनिल गर्ग द्वारा कृषको को विभागीय योजनाओ के संबंध में जानकारी से अवगत कराया गया। किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा 2 किसानों को स्प्रिंकलर सेट राशि 12 हजार रूपये प्रति स्प्रिंकलर के मान से 24 हजार एवं 3 किसानों को 10 हजार रूपये प्रति विद्युत पंप के मान से 30 हजार रूपये का हितलाभ प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजनान्तर्गत स्वीकृति पत्र प्रदान किये गये। उपसंचालक, किसान कल्याण तथा कृषि विकास श्री एम.पी.एस. चन्द्रावत द्वारा प्राकृतिक कृषि को अपनाने के लिए किसानों से अनुरोध किया गया। उन्होने किसानों से कहा कि अपने और अपने परिवार के लिए कम से कम 1 एकड़ से प्राकृतिक शुरूआत करें।

शिविर में कृषि वैज्ञानिक डाॅ. सर्वेश कुमार एवं डाॅ. एस.के. तिवारी ने किसानों को चने में उकठा रोग के नियंत्रण हेतु टेबुकोनाॅजाल सल्फर, 400 ग्राम 100-125 लीटर पानी में घोल बनाकर प्रति एकड़ छिड़काव करने की सलाह दी।  गेहूं  में जड़माहू प्रकोप के लक्षण बताये गये तथा नियंत्रण हेतु क्लोरोपाॅयरीफास 20 ई.सी. 600 मि.ली. प्रति एकड़ की दर से 100-125 लीटर पानी में घोल बनाकर छिड़काव करने की सलाह दी गई। चने की इल्ली – इमामेक्टिन बेन्जोएट 5 प्रतिशत की 1 एकड़ के लिए 125 ग्राम पानी में घोलकर प्रति एकड़ छिड़काव करने की सलाह दी गई एवं बताया गया कि दूसरे  स्प्रे की आवश्यकता हो तब दूसरा कीटनाशक उपयोग करें। शिविर में पशुपालन विभाग द्वारा 370  पशुओं  को एफ.एम.डी. का टीका लगाया गया तथा 3 पशुओं का उपचार किया गया। इस दौरान 2 पशु का सेक्स सोर्टेड सीमेन के माध्यम से ए.आई. की गई एवं 12 पशु  पलकों को दवाई वितरण की गई। शिविर में उद्यानिकी विभाग द्वारा प्रधानमंत्री लघु सूक्ष्म उद्यम उन्नयन योजना तथा विभागीय योजनाओं के संबंध में किसानों को अवगत कराया गया।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

महत्वपूर्ण खबर: कपास मंडी रेट (25 जनवरी 2023 के अनुसार)

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

(नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़,  टेलीग्राम )