Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

देपालपुर क्षेत्र में खड़ी फसल जल मग्न

बारिश की कामना, फिर तबाही से सामना

20 सितम्बर 2023, देपालपुर(शैलेष ठाकुर, देपालपुर): देपालपुर क्षेत्र में खड़ी फसल जल मग्न – क्षेत्र के किसानों ने वर्षा की खेंच से क्षेत्र में सूख रही फसलों के लिए भगवान से बारिश की कामना की थी। प्रार्थना स्वीकार हुई और क्षेत्र में दो दिन में 17 इंच वर्षा हुई। लेकिन यह अत्यधिक वर्षा तबाही का सबब बन गई। क्षेत्र के कई गांवों में खेतों में खड़ी फसल जल मग्न हो गई। सुमठा में तालाब के पास का स्टॉप डैम और जलोदियापंथ का तालाब भी फुट गया । चंबल नदी का पानी कई गांवों में घुस गया। चांदेर में करीब 150 मकानों में पानी घुसने के साथ  5 मकान क्षतिग्रस्त हो गए। बनेडिया तालाब से पानी रिकॉर्ड स्तर से ओवरफ्लो हुआ। फसलों की नुकसानी से किसानों के आंसू भी बह निकले।

उल्लेखनीय है कि  देपालपुर तहसील में  विगत दिनों वर्षा की लम्बी खेंच से चिंतित गांव वालों ने कहीं बाग रसोई तो कहीं पूजा पाठ , टोने टोटके सभी आजमाए  थे।  ऊपर वाले ने प्रार्थना सुनी और सभी नदी नाले उफान पर आ गए। 15 सितंबर से 16 की सुबह तक 11 इंच बारिश एक दिन में हुई।जबकि  दूसरे दिन फिर 6 इंच हुई।19 सितंबर सुबह तक सीजन की कुल 68 इंच के करीब वर्षा देपालपुर में दर्ज की गई। इस भारी  बारिश से सुमठा का तालाब फूट गया,जो कि  कई किसानों के लिए सिंचाई का स्रोत  है।जलोदिया पंथ का तालाब भी फुट गया।  चंबल नदी का  पानी कई गांवों  की बड़ी पुलिया के ऊपर से निकल कर किनारे बसे गांवों में घुस गया, इनमें  बेगंदा, करकी, चांदेर ,रलायता, सांतेर, बछोड़ा , भिडोता,शिवगढ़ ,घाटाबिल्लोद,मेदात, दतोदा,आमली सगडोद,उत्तरसी,रुणावदा, छोटी कलमेर,जलोदिया पार,तामलपुर, खटवाड़ी,अत्याना, सिहावदा, लिंबोदा पार में काफी नुकसान हुआ । रास्ते बाधित रहे। चांदेर में करीब 150 मकानों में पानी घुसा इनमे 5 घर धंस गए। बडौली होज व मोरखेड़ा भी जलमग्न हो गए।बनेडिया तालाब से पानी रिकॉर्ड स्तर से ओवरफ्लो हुआ । सिर्फ नदी ही नहीं क्षेत्र में नालों के किनारे और जहां तक उनका पानी आया वहां की फसलें खराब हो गई ।घरों में पानी घुसने से घरों में भंडार किए हुए  गेहूं व सोयाबीन भी खराब  हो गए। पशुओं को काफ़ी तकलीफ का सामना करना पड़ा। पशु हानि भी हुई। क्षेत्रीय विधायक श्री विशाल पटेल ने  दस -दस हजार रुपए राहत राशि प्रदान की ।

दूसरी तरफ जबरेश्वर सेना  के संरक्षक श्री राजेंद्र चौधरी ने गत दिनों देपालपुर एसडीएम कार्यालय पर सैकड़ों किसानों की उपस्थिति में ज्ञापन दिया , जिसमें किसानों को हुए नुकसान का उचित मुआवजा  दिए जाने की मांग की गई।  साथ ही कहा कि चंबल नदी  के दोनों ओर डेढ़ -डेढ़ किलोमीटर तक का सर्वे कर सभी प्रकार की हानि का मुआवजा और फसल बीमा भी दिया जाय। उक्त  मांगें अति शीघ्र पूरी नहीं होने पर कलेक्टर ऑफिस का घेराव करने की चेतावनी भी दी गई।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

(नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़,  टेलीग्राम )

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें