Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

सिवनी: अमानक उर्वरक पर कृषि विभाग द्वारा एफआईआर दर्ज़  

03 अगस्त 2026, सिवनी: सिवनी: अमानक उर्वरक पर कृषि विभाग द्वारा एफआईआर दर्ज़ – कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना के निर्देशन एवं उपसंचालक कृषि के मार्गदर्शन में जिले में अवैध एवं अमानक उर्वरकों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में गठित जिला स्तरीय दल ने गुप्त सूचना के आधार पर केवलारी विकासखंड के पलारी चौराहा स्थित संगम पैलेस मैरिज गार्डन में छापामार कार्रवाई कर बड़ी मात्रा में अमानक उर्वरक जब्त किया।

सहायक संचालक कृषि एवं उर्वरक निरीक्षक श्री पवन कुमार कौरव ने जिला परामर्शदाता श्री मुकेश मीणा तथा कृषि विस्तार अधिकारी श्री अंशिवराज मालाघरे के साथ मौके पर जांच की। जांच में 240 बोरी 12:32:06 उर्वरक का अवैध परिवहन एवं विक्रय किया जाना पाया गया। यह उर्वरक भारद्वाज फर्टिकेम प्राइवेट लिमिटेड, पीथमपुर (धार) का था, जिसे अरुण ठाकुर, मयंक ठाकुर एवं अंकित ठाकुर द्वारा अवैध रूप से परिवहन एवं विक्रय किया जा रहा था। दल ने तत्काल संपूर्ण उर्वरक जब्त कर उसे वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कार्यालय, केवलारी में सुरक्षित भंडारण के लिए रखवाया तथा नमूने लेकर परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजे। प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट में उक्त उर्वरक गंभीर रूप से अमानक पाया गया। इसके आधार पर उर्वरक निरीक्षक श्री पवन कुमार कौरव ने थाना केवलारी में संबंधित व्यक्तियों के साथ भारद्वाज फर्टिकेम प्राइवेट लिमिटेड, पीथमपुर (धार) के प्रतिनिधि श्री समीर अली सैयद के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई।

कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही उर्वरक खरीदें तथा खरीद का पक्का बिल अवश्य लें। विभाग द्वारा मैदानी अमले के माध्यम से किसानों को अवैध एवं अमानक उर्वरकों के प्रति लगातार जागरूक किया जा रहा है। साथ ही अवैध, अमानक तथा निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर उर्वरक विक्रय करने वालों के विरुद्ध जिलेभर में सघन कार्रवाई जारी है। जिले के विभिन्न विकास खंडों में अब तक ऐसे मामलों में 10 प्राथमिकी दर्ज कराई जा चुकी हैं, जिससे किसानों के हितों की सुरक्षा एवं गुणवत्ता युक्त कृषि आदानों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture