State News (राज्य कृषि समाचार)

हेल्थ ऑफ इंदौर की तर्ज पर पूरे देश में होगा प्रिवेंटिव हेल्थ केयर सर्वे- श्री मंडाविया

Share

09 जनवरी 2024, इंदौर: हेल्थ ऑफ इंदौर की तर्ज पर पूरे देश में होगा प्रिवेंटिव हेल्थ केयर सर्वे- श्री मंडाविया – इस सर्वे की रिपोर्ट सांसद श्री शंकर लालवानी ने उक्त दोनों अतिथियों को सौंपी। इस अवसर पर  केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री मनसुख मंडाविया ने कहा कि इंदौर ने स्वच्छता के साथ अब स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी देश को नई राह दिखाई है। हेल्थ ऑफ इंदौर अभियान की तर्ज पर पूरे देश में प्रिवेंटिव हेल्थ केयर सर्वे करवाया जायेगा। यह सर्वे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी  के स्वस्थ्य भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में बड़ा कदम होगा।

श्री मंडाविया ने कहा कि प्रिवेंटिव हेल्थ केयर समय की सबसे बड़ी जरूरत है। बदलते समय में  हमें  भी बदलना होगा। स्वास्थ्य के प्रति जवाबदेह और जागरूक बनने की जरूरत है। हर व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहना होगा, जिससे की वह स्वस्थ रहे, इससे जान और माल की दोनों की बचत होगी। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को देश के विकास में स्वस्थ रहकर भागीदारी करने की आवश्यकता है। स्वस्थ रहने के लिये सतत श्रम की जरूरत है। नागरिकों को नियमित रूप से एक्सरसाइज करना होगा। एक्सरसाइज के लिये साइकलिंग बेहतर माध्यम है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक स्वस्थ समाज का निर्माण करता है और स्वस्थ समाज बनता है, स्वस्थ समाज समृद्ध राष्ट्र का निर्माण करता है। उन्होंने सांसद श्री शंकर लालवानी के प्रयासों से हेल्थ ऑफ इंदौर अभियान के तहत कराये गये सर्वे की सराहना की और कहा कि यह सर्वे भारत सरकार के लिये उपयोगी होगा। प्रिवेंटिव हेल्थ सर्वे का विस्तार पूरे देश में किया जायेगा।

उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि प्रिवेंटिव हेल्थ केयर सर्वे एक बड़ा अभियान है। यह अभियान स्वस्थ समाज के लिये निर्माण में मददगार बनेगा। उन्होंने प्रिवेंटिव हेल्थ केयर अभियान को पूरे प्रदेश में विस्तारित करने की बात कहते  हुए कहा कि इसे जनआंदोलन बनाया जायेगा।  प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में  स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार में देश में अद्भुत और अकल्पनीय कार्य हो रहे हैं। कोरोना के दौरान टीके लगाये जाना भी एक अद्भुत कार्य था। उन्होंने कहा कि अपनत्व की भावना इंदौर की बड़ी विशेषता है। हर व्यक्ति के मन में अपना इंदौर होने का भाव है। इसी कारण इंदौर स्वच्छता में लगातार सात बार से अव्वल है। अब लगता है कि इंदौर  स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी अव्वल बनेगा।

सांसद श्री शंकर लालवानी ने  हेल्थ ऑफ इंदौर अभियान के बारे में जानकारी देते  हुए  कहा कि यह अभियान प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के संकल्प हर व्यक्ति स्वस्थ रहे को साकार करने के लिये शुरू किया गया। इसके अच्छे परिणाम मिले हैं। इस अभियान के तहत कराये गये सर्वे से हर व्यक्ति को स्वस्थ रखने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि हेल्थ ही वेल्थ है। उन्होंने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में देश में स्वास्थ सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। इंदौर को भी स्वास्थ के क्षेत्र में बड़ी सौगातें मिली हैं। इसके लिये उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और स्वास्थ्य मंत्री श्री मंडाविया के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इंदौर जिला अनेक  स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन में देश और प्रदेश में अव्वल है।

कार्यक्रम में अभियान के जुड़ी सेंट्रल लेब की डायरेक्टर और फाउंडर डॉ. विनिता कोठारी ने प्रिवेंटिव हेल्थ केयर सर्वे के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इंदौर में हर वर्ग, हर आयु के दो लाख से अधिक नागरिकों का हेल्थ सर्वे किया गया। इन नागरिकों की 20 लाख के लगभग विभिन्न तरह की पैथोलॉजिकल और अन्य  जांचें  की गई। यह देश में अपने तरह का पहला और अनूठा सर्वे है, जिसे व्यापक जनभागीदारी के साथ किया गया।  श्री सावन लढ्ढा ने अभियान के  तकनीकी  पहलू के संबंध में जानकारी दी। इस अवसर पर अतिथियों ने एक 13 वर्षीय बालक  शौर्य  द्वारा व्हाटसप पर बनाये गये हेल्थ बॉट का विमोचन भी किया। यह हेल्थ बॉट नागरिकों की  स्वास्थ्य  संबंधी जिज्ञासाओं का समाधान करेगा।

(कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें)

(नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़,  टेलीग्राम)

Share
Advertisements