राज्य कृषि समाचार (State News)

MP Weather: मध्य प्रदेश में मौसम बदला, ग्वालियर-रीवा-भिंड समेत कई जिलों में आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट 

12 जून 2026, भोपाल: MP Weather: मध्य प्रदेश में मौसम बदला, ग्वालियर-रीवा-भिंड समेत कई जिलों में आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट – भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 12 जून 2026 को मध्य प्रदेश के मौसम में मिला-जुला असर देखने को मिला है। प्रदेश के कई संभागों में बारिश, आंधी-तूफान और ओलावृष्टि की गतिविधियां दर्ज की गई है, जबकि कुछ हिस्सों में गर्म और शुष्क मौसम बना रहा। चंबल, रीवा, ग्वालियर, जबलपुर, शहडोल और सागर संभागों में मौसम का सबसे अधिक असर देखने को मिला है। वहीं छिंदवाड़ा जिले में लू (Heatwave) का प्रभाव भी दर्ज किया गया है।

इन जिलों में हुई बारिश-आंधी और ओलावृष्टि

प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक बारिश गौरीहार (56.0 mm), देवेंद्रनगर (48.3 mm), रीवा शहर (30.6 mm), सतना (28.2 mm) और ग्वालियर (15.9 mm) में रिकॉर्ड की गई।

तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान भी कई जगहों पर देखा गया, जिसमें ग्वालियर में 59 किमी/घंटा, सतना में 50 किमी/घंटा और जबलपुर में 46 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं।

वहीं, प्रदेश के सिवनी जिले में ओलावृष्टि दर्ज की गई। इसके अलावा भिंड, दतिया, ग्वालियर, मुरैना और सिवनी जिलों में धूल भरी आंधी का असर देखने को मिला। कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं भी सामने आईं।

बारिश के बाद भी लू का असर जारी 

प्रदेश में अधिकतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं देखा गया। सबसे कम न्यूनतम तापमान पचमढ़ी (20.8°C) में दर्ज किया गया, जबकि सबसे अधिक न्यूनतम तापमान रायसेन (30.4°C) में रिकॉर्ड हुआ। अधिकतम तापमान की बात करें तो खजुराहो और नौगांव (43.0°C) सबसे गर्म रहे, जबकि पचमढ़ी (36.2°C) सबसे ठंडा स्थान रहा।

सिनोप्टिक मौसम परिस्थिति (Weather Systems)

IMD के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून पश्चिम बंगाल, बिहार, ओडिशा और झारखंड के कुछ हिस्सों तक आगे बढ़ चुका है। इसके प्रभाव से मध्यप्रदेश के पूर्वी हिस्सों में भी मानसून की गतिविधियां तेज हो रही हैं।

प्रदेश के ऊपर विभिन्न चक्रवाती परिसंचरण और ट्रफ लाइन सक्रिय हैं, जिनमें उत्तर-पश्चिम राजस्थान से लेकर गंगीय पश्चिम बंगाल तक फैली ट्रफ प्रमुख है। इसके अलावा पश्चिमी विक्षोभ और अन्य ऊपरी हवा के चक्रवातीय परिसंचरण के कारण प्रदेश में अस्थिर मौसम बना हुआ है।

चेतावनी (Weather Warning)

IMD ने मध्यप्रदेश के कई जिलों के लिए चेतावनी जारी की है। दतिया, भिंड, मुरैना, ग्वालियर, सिवनी, बालाघाट, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में 50–60 किमी/घंटा की रफ्तार से आंधी, गरज-चमक और ओलावृष्टि की संभावना है।

इसके अलावा भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, जबलपुर, रीवा, सतना सहित कई जिलों में 40–50 किमी/घंटा की तेज हवाओं और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है।

किसानों के लिए सलाह

IMD ने किसानों को सलाह दी है कि बारिश और आंधी के दौरान सिंचाई और कीटनाशक छिड़काव से बचें। खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करें ताकि जलभराव से फसलों को नुकसान न हो।

तेज हवाओं को देखते हुए सब्जी फसलों और फलदार पौधों को सहारा दें और तैयार फसल को सुरक्षित स्थान पर रखें। कटाई और मड़ाई जैसे कार्यों को मौसम सामान्य होने तक टालने की सलाह दी गई है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements