राज्य कृषि समाचार (State News)

मुरैना: प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना बनी किसान का संबल

07 जुलाई 2026, मुरैना: मुरैना: प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना बनी किसान का संबल –  किसान का जीवन उसकी फसल से जुड़ा होता है। खेत में लहलहाती फसल ही उसके परिवार की खुशहाली, बच्चों के भविष्य और पूरे वर्ष की आजीविका का आधार होती है। लेकिन जब प्रकृति का रुख बदलता है, तो वर्षों की मेहनत कुछ ही दिनों में बर्बाद हो जाती है। ऐसे कठिन समय में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों के लिए आर्थिक सुरक्षा का मजबूत सहारा बन रही है।

 मुरैना जिले की जौरा तहसील के ग्राम बुरावली निवासी किसान श्री आदिराम जाटव की कहानी इसी भरोसे और संबल की प्रेरक मिसाल है।वर्ष 2025-26 में हुई अत्यधिक वर्षा और जलभराव ने श्री आदिराम जाटव की फसल को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। देखते ही देखते खेत में खड़ी फसल नष्ट हो गई। इस नुकसान ने उन्हें आर्थिक संकट में डाल दिया। खेती में लगी मेहनत, समय और पूंजी एक साथ प्रभावित हुई, जिससे अगली फसल की तैयारी को लेकर भी चिंता बढ़ गई।इसी कठिन दौर में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना उनके लिए उम्मीद की नई किरण बनकर सामने आई। योजना के अंतर्गत उन्हें 15 हजार रुपये की दावा राशि प्राप्त हुई। इस सहायता ने फसल नुकसान की आंशिक भरपाई करने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। प्राप्त राशि से उन्होंने अगली फसल की तैयारी समय पर शुरू की और आर्थिक कठिनाइयों से उबरने का आत्मविश्वास भी हासिल किया।

श्री आदिराम जाटव बताते हैं कि यदि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ नहीं मिलता, तो नुकसान की भरपाई करना उनके लिए अत्यंत कठिन होता। उनका कहना है कि यह योजना केवल आर्थिक सहायता ही नहीं, बल्कि विपरीत परिस्थितियों में किसानों का मनोबल बढ़ाने का भी कार्य करती है। वे सभी किसानों से आग्रह करते हैं कि प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले संभावित नुकसान से सुरक्षित रहने के लिए समय पर अपनी फसलों का बीमा अवश्य कराएं।

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना प्राकृतिक आपदाओं, अतिवृष्टि, बाढ़, जलभराव तथा अन्य प्रतिकूल मौसमीय परिस्थितियों से होने वाले फसल नुकसान की स्थिति में किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करती है। यह योजना किसानों की आय को सुरक्षित रखने, खेती के जोखिम को कम करने तथा उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। आज श्री आदिराम जाटव जैसे अनेक किसानों के चेहरे पर लौटी मुस्कान इस योजना की सार्थकता को प्रमाणित करती है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture