राज्य कृषि समाचार (State News)

आधुनिक खेती से बदली किसान की तकदीर, 13 एकड़ में सब्जी उगाकर सालाना हो रही 10-12 लाख की कमाई

25 जुलाई 2026, भोपाल: आधुनिक खेती से बदली किसान की तकदीर, 13 एकड़ में सब्जी उगाकर सालाना हो रही 10-12 लाख की कमाई – आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर किसान अब कम संसाधनों में अधिक उत्पादन और बेहतर मुनाफा कमा रहे हैं। इसका एक प्रेरणादायक उदाहरण सिवनी जिले के छपारा विकासखंड के ग्राम देवरीकला के प्रगतिशील किसान रविशंकर मानेश्वर हैं, जिन्होंने परंपरागत खेती छोड़कर आधुनिक तकनीकों से सब्जी उत्पादन को अपनाया और आज 13 एकड़ में खेती कर प्रतिवर्ष 10 से 12 लाख रुपये की शुद्ध आय अर्जित कर रहे हैं।

गुरुवार को जिले की कलेक्टर नेहा मीना ने किसान रविशंकर मानेश्वर के खेत का भ्रमण कर मल्चिंग और ड्रिप सिंचाई तकनीक से उगाई जा रही सेम और बरबटी की फसल का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने फसल की गुणवत्ता, सिंचाई व्यवस्था और उत्पादन प्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कम पानी में अधिक उत्पादन देने वाली आधुनिक तकनीकें कृषि को अधिक लाभकारी, टिकाऊ और जल संरक्षण की दृष्टि से बेहद उपयोगी बना रही हैं।

बाजार की मांग के अनुसार करते हैं खेती

किसान रविशंकर मानेश्वर ने बताया कि वे अपनी और ठेके पर ली गई करीब 13 एकड़ भूमि में विभिन्न प्रकार की सब्जियों की खेती कर रहे हैं। उन्होंने परंपरागत फसलों की बजाय बाजार की मांग और मौसम के अनुसार मिश्रित सब्जी उत्पादन को अपनाया है। उनकी उपज की आपूर्ति स्थानीय बाजारों के अलावा जबलपुर और नागपुर तक की जाती है, जिससे उन्हें हर वर्ष 10 से 12 लाख रुपये की शुद्ध आय प्राप्त होती है।

ड्रिप सिंचाई और मल्चिंग से बढ़ा उत्पादन

रविशंकर मानेश्वर ने बताया कि आधुनिक तकनीकों के उपयोग से पानी की बचत होने के साथ फसल की गुणवत्ता और उत्पादन में भी सुधार हुआ है। मल्चिंग और ड्रिप सिंचाई प्रणाली अपनाने से खेती की लागत नियंत्रित हुई है और बेहतर उत्पादन मिलने लगा है। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक तरीके से खेती करने से बाजार में अच्छी कीमत भी मिलती है।

पॉलीहाउस और दुग्ध प्रसंस्करण की तैयारी

भविष्य की योजनाओं पर किसान ने बताया कि वे कृषि के साथ पशुपालन को जोड़ते हुए दुग्ध प्रसंस्करण इकाई स्थापित करना चाहते हैं, ताकि आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित किए जा सकें। इस दौरान उन्हें पॉलीहाउस तकनीक अपनाने की भी सलाह दी गई, जिससे वर्षभर गुणवत्तापूर्ण सब्जियों का उत्पादन कर आय में और बढ़ोतरी की जा सके। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अंजली शाह, सहायक संचालक उद्यानिकी आशा उपवंशी सहित उद्यानिकी एवं कृषि विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। 

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture