राज्य कृषि समाचार (State News)

गुरु पूर्णिमा 2026: पूरे मध्यप्रदेश में होगा ‘महर्षि सांदीपनि श्रद्धा पर्व’, सभी सांदीपनि विद्यालयों का होगा लोकार्पण

21 जुलाई 2026, भोपालगुरु पूर्णिमा 2026: पूरे मध्यप्रदेश में होगा ‘महर्षि सांदीपनि श्रद्धा पर्व’, सभी सांदीपनि विद्यालयों का होगा लोकार्पण – मध्यप्रदेश में इस वर्ष गुरु पूर्णिमा (29 जुलाई 2026) को ऐतिहासिक स्वरूप दिया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की है कि प्रदेशभर में पहली बार ‘महर्षि सांदीपनि श्रद्धा पर्व’ मनाया जाएगा। इस अवसर पर सभी शासकीय और निजी शिक्षण संस्थानों में गुरु पूजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, छात्र-शिक्षक संवाद, व्याख्यान और भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा पर आधारित गतिविधियों का आयोजन होगा।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गुरु पूर्णिमा से पहले सभी निर्माणाधीन सांदीपनि विद्यालयों का लोकार्पण सुनिश्चित किया जाए तथा महर्षि सांदीपनि के जीवन, गुरुकुल शिक्षा पद्धति और उनके योगदान पर आधारित एक लघु पुस्तिका प्रकाशित कर सभी विद्यालयों में वितरित की जाए।

गुरु-शिष्य परंपरा को मिलेगा नया विस्तार

गुरु पूर्णिमा महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु ही व्यक्ति को अज्ञान के अंधकार से ज्ञान के प्रकाश की ओर ले जाते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के उद्देश्यों के अनुरूप भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा और प्राचीन ज्ञान परंपरा को नई पीढ़ी तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना समय की आवश्यकता है।

सभी स्कूलकॉलेज और विश्वविद्यालय होंगे शामिल

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम में केवल सरकारी संस्थान ही नहीं, बल्कि निजी विद्यालय, महाविद्यालय, विश्वविद्यालय, आईटीआई, खेल अकादमियां, संगीत, नाटक, चित्रकला एवं अन्य कला संस्थान भी सक्रिय रूप से भाग लें।

हर शिक्षण संस्थान में होगा गुरु पूजन

गुरु पूर्णिमा के दिन प्रदेशभर के शासकीय और निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा विश्वविद्यालयों में—

  • गुरुजनों का सम्मान
  • सरस्वती वंदना
  • छात्र-शिक्षक संवाद
  • सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कार्यक्रम
  • निबंध, भाषण एवं अन्य प्रतियोगिताएं
  • विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी।

श्रीकृष्ण-सुदामा की मित्रता से मिलेगा प्रेरक संदेश

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि विद्यालयों में मनाए जाने वाले मित्रता दिवस पर विद्यार्थियों को श्रीकृष्ण और सुदामा के जीवन से मित्रता, समानता और संस्कारों का संदेश भी दिया जाए।

जनभागीदारी का बनेगा महोत्सव

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘महर्षि सांदीपनि श्रद्धा पर्व’ केवल सरकारी कार्यक्रम न होकर जनभागीदारी का सांस्कृतिक अभियान बने। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं में गुरुजनों के प्रति सम्मान, भारतीय संस्कृति के प्रति आस्था तथा गुरु-शिष्य परंपरा के मूल्यों को सशक्त करना है।

मुख्य घोषणाएं (Highlights)

  • 29 जुलाई को पूरे मध्यप्रदेश में पहली बार ‘महर्षि सांदीपनि श्रद्धा पर्व’ का आयोजन।
  • गुरु पूर्णिमा से पहले सभी सांदीपनि विद्यालयों का लोकार्पण।
  • महर्षि सांदीपनि के जीवन और गुरुकुल परंपरा पर विशेष पुस्तिका प्रकाशित होगी।
  • सरकारी और निजी सभी शिक्षण संस्थानों में गुरु पूजन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम।
  • NEP-2020 के अनुरूप भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा को मिलेगा बढ़ावा।
  • श्रीकृष्ण-सुदामा की मित्रता पर आधारित विशेष गतिविधियां भी आयोजित होंगी।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture