Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

गोपाल कृष्ण पुरस्कार: कल्लो बाई की गाय ने रोजाना 8.081 लीटर दूध देकर जबलपुर जिले में हासिल किया पहला स्थान

11 नवंबर 2026, जबलपुर: गोपाल कृष्ण पुरस्कार: कल्लो बाई की गाय ने रोजाना 8.081 लीटर दूध देकर जबलपुर जिले में हासिल किया पहला स्थान – मध्य प्रदेश के पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा जबलपुर जिले के नृसिंह दास जी महाराज के आश्रम में जिला स्तरीय गोवर्धन पूजन एवं गौपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का उद्बोधन भी उपस्थितजनों ने सुना। कार्यक्रम में गोपाल कृष्ण पुरस्कार योजना के तहत दुग्ध उत्पादन प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया। इसमें गौरहा भिटौनी की महिला पशुपालक श्रीमती कल्लो बाई की गाय ने प्रतिदिन 8.081 लीटर दूध देकर जिले में पहला स्थान हासिल किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक गेहलोत, पशुपालन एवं डेयरी विभाग की उप संचालक डॉ. ज्योति तिवारी तथा नृसिंह देवाचार्य महाराज उपस्थित रहे।

प्राकृतिक खेती में गायों की महत्वपूर्ण भूमिका

जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक गेहलोत ने कहा कि गोवर्धन पूजा प्रकृति के महत्व और उसके संरक्षण का संदेश देती है। हरित क्रांति के बाद देश खाद्यान्न उत्पादन में आत्मनिर्भर हुआ है, लेकिन अब प्राकृतिक एवं जैविक खेती की ओर लौटने की आवश्यकता है। इसके लिए रासायनिक खादों पर निर्भरता कम कर जैविक संसाधनों और पारंपरिक कृषि पद्धतियों को अपनाना होगा।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

उन्होंने कहा कि गायें प्राकृतिक खेती का महत्वपूर्ण आधार हैं। वृंदावन ग्राम योजना के तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 500 से अधिक पशुधन क्षमता वाली वृंदावन गौशाला स्थापित करने की पहल की जा रही है। उन्होंने सभी से हर घर में गाय और हर खेत में जैविक खाद का संकल्प लेने का आह्वान किया।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

चार नंदलाल ग्रामों के पशुपालकों ने लिया भाग

उप संचालक डॉ. ज्योति तिवारी ने वृंदावन ग्राम योजना एवं गोपाल कृष्ण पुरस्कार योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में जिले के चार नंदलाल ग्रामों गौरहा भिटौनी, बेलखेड़ा एवं पड़वार के पशुपालकों ने भारतीय नस्ल की गायों के दुग्ध उत्पादन के आधार पर भाग लिया। प्रतियोगिता के लिए प्रतिदिन छह लीटर से अधिक दूध देने वाली गायों को पात्र माना गया था।

प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार एक लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार 25 हजार रुपये निर्धारित किया गया था। योजना का उद्देश्य अच्छी नस्ल की गायों के पालन, नस्ल सुधार और दुग्ध उत्पादन बढ़ाकर पशुपालकों की आय में वृद्धि करना है।

छह पशुपालकों को मिला पुरस्कार

प्रतियोगिता में बेलखेड़ा के तीन, गौरहा भिटौनी के दो और पड़वार के एक पशुपालक ने पुरस्कार प्राप्त किया। गौरहा भिटौनी की महिला पशुपालक श्रीमती कल्लो बाई की गाय ने प्रतिदिन 8.081 लीटर दूध देकर जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा ग्राम गौरहा भिटौनी के श्री घसीटा पटेल, ग्राम बेलखेड़ा के श्री चतुरभुज सिंह, श्री पवन एवं श्री आनंद तथा ग्राम पड़वार के श्री विकास उपाध्याय को भी सम्मानित किया गया। विजेताओं को पुरस्कार राशि के साथ प्रमाण पत्र और शील्ड प्रदान की गई।

प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार की क्रमशः एक लाख, 50 हजार और 25 हजार रुपये की राशि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से सिंगल क्लिक के माध्यम से विजेताओं के बैंक खातों में अंतरित की गई।

गौवंश संरक्षण और प्रकृति की सेवा का संदेश

नृसिंह देवाचार्य महाराज ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला प्रकृति संरक्षण, गौवंश की रक्षा और मानव कल्याण का संदेश देती है। गोवर्धन पूजा हमें अपनी परंपराओं, प्रकृति और गौमाता के प्रति कृतज्ञता एवं सेवा का भाव रखने की प्रेरणा देती है। उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा गौवंश संरक्षण और गौशालाओं के संचालन के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। साथ ही पशुपालन विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम की प्रशंसा की।

इस अवसर पर सनातन धर्म महासभा के महामंत्री अशोक मनोध्याय, पार्षद श्रीमती सोनिया सिंह, गीताधाम गौशाला के पदाधिकारी, पशुपालक, गौशाला संचालक, पशुपालन एवं डेयरी विभाग के अधिकारी तथा पशु चिकित्सक उपस्थित रहे।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture