गुलाब-सब्जी उत्पादन और पशुपालन के लिए किसानों को करें प्रेरित : गुना कलेक्टर
11 नवंबर 2026, गुना : गुलाब-सब्जी उत्पादन और पशुपालन के लिए किसानों को करें प्रेरित : गुना कलेक्टर – मध्यप्रदेश के गुना जिले के कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में गुरुवार को कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन तथा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति सहित विभिन्न विभागों की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए किसानों की आय बढ़ाने और कृषि एवं पशुपालन गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए। इस दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों से किसानों को आधुनिक खेती और नई तकनीकों से जोड़ने के साथ योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से पहुंचाने पर जोर दिया। बैठक में सीईओ जिला पंचायत अभिषेक दुबे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
आधुनिक खेती और नई तकनीकों की जानकारी दें
उद्यानिकी विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर कन्याल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को आधुनिक खेती, गुलाब उत्पादन, सब्जी उत्पादन और कृषि की नवीन तकनीकों की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि किसान परंपरागत खेती के साथ आय के अतिरिक्त स्रोत भी विकसित करें। इसके लिए उन्हें नई तकनीकों से जोड़ने और विभागीय योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से दिलाने के प्रयास किए जाएं।
कृत्रिम गर्भाधान की प्रगति में सुधार के निर्देश
पशुपालन विभाग की समीक्षा में टीकाकरण, किसान क्रेडिट कार्ड, कृत्रिम गर्भाधान, आचार्य विद्यासागर योजना और कामधेनु योजना की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की गई। कलेक्टर ने कृत्रिम गर्भाधान की प्रगति में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पशुपालन किसानों की आय बढ़ाने का एक मजबूत माध्यम है। इसके लिए किसानों को अधिक दूध देने वाली उन्नत नस्लों की जानकारी दी जाए और उन्हें वैज्ञानिक तरीके से पशुपालन करने के लिए प्रेरित किया जाए।
4,289 शिकायतों का शत-प्रतिशत निराकरण
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की समीक्षा के दौरान जिला आपूर्ति अधिकारी अवधेश पाण्डेय ने बताया कि जिले में कुल 482 शासकीय उचित मूल्य की दुकानें संचालित हैं। बैठक में इन दुकानों के संचालन से जुड़ी जानकारी प्रस्तुत की गई। इनमें महिला स्व-सहायता समूह, सेवा सहकारी समितियों, विपणन समितियों, बहुउद्देशीय समितियों और उपभोक्ता भंडारों द्वारा संचालित दुकानों के साथ सेल्समेन की उपस्थिति की जानकारी भी दी गई। उन्होंने बताया कि उपभोक्ता सेवा केंद्र के माध्यम से 1 जनवरी 2026 से 30 अक्टूबर 2026 तक कुल 4,289 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका शत-प्रतिशत निराकरण किया जा चुका है।
राशन वितरण और ई-केवाईसी में तेजी लाने के निर्देश
कलेक्टर ने प्रत्येक माह के राशन वितरण की समीक्षा करते हुए शेष राशन का वितरण जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कम राशन वितरण वाली उचित मूल्य दुकानों में वितरण की प्रगति बढ़ाने और शेष खाद्यान्न का शीघ्र वितरण सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर ने कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारियों को नियमित रूप से उचित मूल्य दुकानों का भ्रमण और निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही ई-केवाईसी कार्य में तेजी लाने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित करने को कहा। उन्होंने खाद्यान्न वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी करने और संबंधित अधिकारियों को मैदानी स्तर पर निरीक्षण कर व्यवस्थाएं बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
नापतौल विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से मिलावट के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाने को कहा।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


