रायसेन में रबी सीजन के लिए 46,894 मीट्रिक टन खाद उपलब्ध, किसानों को नहीं होगी परेशानी
11 नवंबर 2026, रायसेन: रायसेन में रबी सीजन के लिए 46,894 मीट्रिक टन खाद उपलब्ध, किसानों को नहीं होगी परेशानी – रबी सीजन 2026 में किसानों को खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए रायसेन जिले में पर्याप्त उर्वरक का भंडार उपलब्ध है। जिले में अब तक कुल 85,217 मीट्रिक टन खाद की आवक हो चुकी है। इसमें से 38,322 मीट्रिक टन खाद का वितरण किसानों को किया जा चुका है, जबकि वर्तमान में 46,894 मीट्रिक टन उर्वरक उपलब्ध है। खाद की आपूर्ति लगातार जारी है और आगामी दिनों में भी विभिन्न कंपनियों की नई रैक जिले में पहुंचने वाली हैं।
उप संचालक कृषि केपी भगत के अनुसार, रबी सीजन 2026 के लिए जिले में कुल 1,46,500 मीट्रिक टन उर्वरक का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके विरुद्ध अब तक यूरिया, डीएपी, एमओपी, एनपीके और एसएसपी सहित कुल 85,217 मीट्रिक टन खाद प्राप्त हो चुकी है।
यूरिया और डीएपी सहित विभिन्न खाद का पर्याप्त स्टॉक
जिले में वर्तमान में उपलब्ध 46,894 मीट्रिक टन उर्वरक में 14,034 मीट्रिक टन यूरिया, 8,470 मीट्रिक टन डीएपी, 1,790 मीट्रिक टन एमओपी, 12,097 मीट्रिक टन एनपीके और 10,503 मीट्रिक टन एसएसपी शामिल है। किसानों की मांग के अनुसार खाद का वितरण किया जा रहा है।
विभिन्न केंद्रों पर उपलब्ध है खाद
जिले में खाद की उपलब्धता बनाए रखने के लिए विपणन संघ के थोक और खुदरा केंद्रों, सहकारी समितियों, निजी थोक एवं खुदरा विक्रेताओं और एमपी एग्रो के माध्यम से उर्वरक उपलब्ध कराया जा रहा है। विपणन संघ के थोक केंद्रों पर 3,431.451 मीट्रिक टन यूरिया, 1,294.4 मीट्रिक टन डीएपी और 5,403.85 मीट्रिक टन एनपीके उपलब्ध है। वहीं, विपणन संघ के खुदरा केंद्रों पर 495.91 मीट्रिक टन यूरिया, 420.55 मीट्रिक टन डीएपी और 1,341.55 मीट्रिक टन एनपीके का स्टॉक है।
सहकारी समितियों में 2,667.341 मीट्रिक टन यूरिया, 1,934.3 मीट्रिक टन डीएपी और 1,625.9 मीट्रिक टन एनपीके उपलब्ध है। निजी थोक विक्रेताओं के पास 508.455 मीट्रिक टन यूरिया, 102.3 मीट्रिक टन डीएपी और 60.2 मीट्रिक टन एनपीके है। निजी खुदरा विक्रेताओं के यहां 2,324.16 मीट्रिक टन यूरिया, 362.6 मीट्रिक टन डीएपी और 728.95 मीट्रिक टन एनपीके उपलब्ध है। इसके अलावा एमपी एग्रो के पास 147.87 मीट्रिक टन यूरिया और 148.9 मीट्रिक टन डीएपी का भंडार है।
आगामी दिनों में पहुंचेगी खाद की नई रैक
जिले में खाद की उपलब्धता और बढ़ाने के लिए आगामी दिनों में विभिन्न कंपनियों की रैक पहुंचने की संभावना है। इसमें एचयूआरएल की 245 मीट्रिक टन डीएपी और 355 मीट्रिक टन टीएसपी, इफको की 375 मीट्रिक टन डीएपी, एनएफएल की 705.6 मीट्रिक टन यूरिया और 988.025 मीट्रिक टन डीएपी की रैक शामिल हैं। कृषि विभाग के अनुसार, जिले में खाद की आपूर्ति लगातार की जा रही है। नई रैक आने से उर्वरक का भंडार और बढ़ेगा। किसानों को रबी फसलों की जरूरत के अनुसार खाद उपलब्ध कराने के लिए व्यवस्था बनाई गई है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


