Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

सीएम भूपेश बघेल ने राज्य कृषि विपणन बोर्ड के नवीन कार्यालय भवन का किया लोकार्पण

13 सितम्बर 2023, रायपुर: सीएम भूपेश बघेल ने राज्य कृषि विपणन बोर्ड के नवीन कार्यालय भवन का किया लोकार्पण – छत्तीसगढ़ राज्य के मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने मंगलवार को नवा रायपुर में छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड के नवीन कार्यालय भवन का लोकार्पण किया।

इस मौके पर उन्होंने इस भवन का नामकरण सरदार वल्लभ भाई पटेल के नाम पर करने की घोषणा की। नवा रायपुर के सेक्टर 24 में 40 करोड़ रूपए की लागत से तैयार किए गए इस भवन में बीज निगम का कार्यालय भी संचालित होगा। लगभग 1 लाख 58 हजार वर्गफीट में बनाए गए इस भवन से कृषि संबंधी विभिन्न गतिविधियों संचालित होंगी जिसका लाभ किसानों को मिलेगा।

राज्य में 1 लाख मीट्रिक टन से अधिक होगी धान की खरीद

श्री भूपेश बघेल ने लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि किसानों की सुविधा के लिए राज्य में मंडी का विस्तार किया जा रहा है। राज्य में लगभग 1.25 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की जानी है। इसको देखते हुए धान संग्रहण केन्द्रों को भी मंडी के रूप में विकसित किया जा रहा है।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

उन्होंने कहा कि राज्य में मिलेट्स की खेती को भी लगातार प्रोत्साहन दिया जा रहा है तथा समर्थन मूल्य पर इसकी खरीदी की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का निरंतर प्रयास रहा है कि किसानों को उनके उपज का सही दाम मिले। वर्तमान में केंद्र सरकार द्वारा केन्द्रीय पूल के लिए चावल खरीदी में की गई कटौती किसानों के प्रति अन्याय है। अब बायोमेट्रिक पद्धति से धान खरीदी का नियम केन्द्र सरकार द्वारा लागू किया जा रहा है। यह किसानों को परेशान करने का नया तरीका है।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें
किसान हितैषी योजनाओं से किसान हो रहे आर्थिक मजबूत

इस अवसर पर सहकारिता मंत्री श्री रविन्द्र चौबे ने कहा की राज्य में सरकार बनने के साथ ही कृषि के क्षेत्र में लगातार क्रांतिकारी परिवर्तन हो रहा है। राज्य के सरकार अब किसानों से 20 क्विंटल धान की खरीदी करेगी। विगत वर्ष 1 लाख 75 हजार करोड़ रुपए किसानों को उसके उपज के लिए दिया गया। सरकार की किसान हितैषी योजनाओं से किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। कार्यक्रम में श्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि कृषि प्रधान राज्य में किसानों की प्रगति के लिए नए-नए संसाधनों को अपनाया जा रहा है। नए मंडी भवन के बन जाने से अब राज्य के सभी मंडी सदस्यों को काम-काज में आसानी होगी। उन्होंने मंडी समिति के सदस्य द्वारा की गई विभिन्न मांगों को यथाशीघ्र पूरा करने की बात भी कही।

समारोह में मुख्यमंत्री के सलाहकार श्री प्रदीप शर्मा, राज्य के सभी मंडी बोर्ड के अध्यक्ष और समिति के सदस्य, कृषि उत्पादन आयुक्त एवं सचिव श्री कमलप्रीत सिंह, सहित बड़ी संख्या में नागरिकगण उपस्थित थे।

(नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़,  टेलीग्राम )