मुख्यमंत्री मछुआ समृद्धि योजना: मत्स्य पालन और झींगा पालन पर सरकार दे रही 40% सब्सिडी, जल्द करें आवेदन
29 जुलाई 2026, भोपाल: मुख्यमंत्री मछुआ समृद्धि योजना: मत्स्य पालन और झींगा पालन पर सरकार दे रही 40% सब्सिडी, जल्द करें आवेदन – मध्यप्रदेश सरकार मत्स्य पालन को बढ़ावा देने और मछुआरों की आय बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री मछुआ समृद्धि योजना के तहत 40 प्रतिशत अनुदान दे रही है। योजना के अंतर्गत सिंगरौली जिले में मत्स्य पालन और झींगा पालन से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों के लिए लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। जिला मत्स्य विभाग ने ग्रामीण तालाबों के स्वामित्व धारकों और पट्टाधारक हितग्राहियों से विज्ञप्ति जारी होने की तिथि से 10 दिनों के भीतर आवेदन आमंत्रित किए हैं।
40 प्रतिशत अनुदान का मिलेगा लाभ
सहायक संचालक मत्स्योद्योग ने बताया कि इस योजना के तहत सभी वर्गों के पात्र हितग्राहियों को 40 प्रतिशत अनुदान देने का प्रावधान है। योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में मत्स्य उत्पादन बढ़ाना, आधुनिक मत्स्य पालन को बढ़ावा देना और इससे जुड़े लोगों की आय में वृद्धि करना है।
अलग-अलग गतिविधियों के लिए तय किए गए लक्ष्य
योजना के तहत विभिन्न श्रेणियों के लिए अलग-अलग लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। ग्रामीण तालाबों में मत्स्य बीज संवर्धन उत्पादन के लिए अनुसूचित जनजाति वर्ग हेतु 0.1 हेक्टेयर का लक्ष्य रखा गया है। वहीं झींगा पालन गतिविधि के लिए सामान्य, अन्य पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए प्रत्येक श्रेणी में 1-1 हेक्टेयर का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके अलावा ग्रामीण तालाबों में मत्स्य पालन के लिए सामान्य एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के हितग्राहियों के लिए 2 हेक्टेयर, जबकि अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए 1 हेक्टेयर का लक्ष्य तय किया गया है।
पात्र हितग्राही ऐसे करें आवेदन
जिला मत्स्य विभाग ने इच्छुक और पात्र हितग्राहियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है। योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया के लिए हितग्राही किसी भी शासकीय कार्य दिवस में कार्यालयीन समय के दौरान जिला मत्स्य विभाग कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

