राज्य कृषि समाचार (State News)

छिंदवाड़ा: भगवान बलराम जयंती पर कृषि संगोष्ठी आयोजित

03 सितंबर 2026, छिंदवाड़ा: छिंदवाड़ा: भगवान बलराम जयंती पर कृषि संगोष्ठी आयोजित – कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन के मार्गदर्शन में भगवान बलराम जयंती के उपलक्ष्य में आज उमरेठ तहसील के छावड़ी कला में कृषि एवं आत्मा परियोजना द्वारा आधुनिक यंत्रीकरण एवं प्राकृतिक कृषि पर कृषक संगोष्ठी का आयोजन किया गया।  कृषक संगोष्ठी का शुभारंभ भगवान बलराम की प्रतिमा का पूजन कर किया गया। इसके पश्चात अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा उन्नत कृषि यंत्र का पूजन किया गया तथा सभी कृषकों को बलराम जयंती एवं उन्नत खेती के साथ भरपूर उत्पादन की शुभकामनाएं दी गईं।

बलराम जयंती के अवसर पर अतिथियों द्वारा अपनी बात रखते हुए कृषकों को उन्नत कृषि की जानकारी दी गई। उप संचालक कृषि श्री मोरिस नाथ द्वारा कृषकों से अपील की गई कि वे आधुनिक खेती करें, किंतु सभी उन्नतशील कृषक मिलकर कम से कम आधा एकड़ खेत में रसायन मुक्त प्राकृतिक खेती अवश्य करें। परियोजना संचालक आत्मा द्वारा कृषकों से वर्तमान समय की आवश्यकता के अनुसार रसायन मुक्त खेती को बढ़ावा देने की अपील की गई। साथ ही सभी किसानों को आवश्यकतानुसार ही उर्वरक एवं रसायनों का प्रयोग करने का सुझाव दिया गया।

 कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. डी.सी. श्रीवास्तव ने किसानों को जिले में ही आलू एवं स्वीट कॉर्न के उत्पादन के साथ अब प्रसंस्करण की दिशा में आगे बढ़ने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि इससे युवाओं को रोजगार प्राप्त हो सकेगा। श्री मेरसिंग चौधरी ने भगवान बलराम के पूजनीय होने के साथ ही उन्हें विश्व का प्रथम कृषक बताया। उन्होंने कहा कि कृषि एवं पशुपालन में भगवान बलराम के योगदान के कारण पूरा कृषि परिवार उनकी पूजा करता है। उनके आशीर्वाद से आज भारत कृषि एवं पशुधन दोनों में अग्रणी देश है और इनके अथक प्रयासों से भारत के नागरिकों को शुद्ध भोजन उपलब्ध हो पा रहा है। श्री राम राव लाड़े ने बताया कि जिस प्रकार भगवान बलराम ने अपने परिश्रम से उन्नत खेती कर समृद्धि हासिल की, उन्हीं की प्रेरणा से हमारे देश का किसान भी अपने उत्पादन को देश-विदेश तक निर्यात कर विदेशी मुद्रा कमा रहा है।

इस आयोजन में उप संचालक कृषि श्री नाथ, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. श्रीवास्तव, परियोजना संचालक आत्मा श्री धीरज ठाकुर, श्री मेरसिंग चौधरी, कृषि अभियांत्रिकी की इंजीनियर सुश्री अश्विनी सिंह, एसडीओ श्री प्रमोद सिंग उट्टी, श्री नीलकंठ पटवारी, श्रीमती प्राची कौतु, श्री दीपक चौरसिया, जनपद सदस्य सुश्री रोशनी मर्शकोले, सरपंच श्री रामकृष्ण बट्टी, उपसरपंच श्री गजानंद पवार, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री एस.पी. डेहरिया, श्री रमेश पवार, बीटीएम श्री अमित बघेल, प्रगतिशील किसान श्री विष्णु पवार, श्री गुरु प्रसाद पवार, श्री जयपाल पवार, श्री रामकृष्ण पवार, श्री गुरुदयाल माहौरे, श्री वीरन यादव सहित कृषि विभाग का समस्त मैदानी अमला तथा बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष किसान उपस्थित थे।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture