Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

केंद्रीय एकीकृत कीट प्रबंधन टीम ने इल्ली प्रभावित गेहूं की फसल का निरीक्षण किया

06 जनवरी 2023, देपालपुर (शैलेष ठाकुर ,देपालपुर):केंद्रीय एकीकृत कीट प्रबंधन टीम ने इल्ली प्रभावित गेहूं की फसल का निरीक्षण किया – गत दिनों देपालपुर क्षेत्र में गेहूं की फसल में इल्ली का प्रकोप होने की खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। इसका असर यह हुआ कि हाल ही में केंद्रीय एकीकृत कीट प्रबंधन टीम द्वारा देपालपुर क्षेत्र के कई गांवों में इल्ली प्रभावित गेहूं की फसल का निरीक्षण किया गया।

केंद्रीय एकीकृत कीट प्रबंधन टीम ने इल्ली प्रभावित गेहूं की फसल का निरीक्षण किया

नई दिल्ली से आई टीम के डॉ. श्री के. रवि, (अपर निदेशक), डॉ. श्री एस.ए. जयप्रकाश, ( पौध संरक्षण अधिकारी) व टीम के अन्य सदस्यों ने शाहपुरा में उन्नत किसान श्री लाखन सीताराम गेहलोत,कटकोदा में श्री अर्जुन जाधव के अलावा सुनाला,बाण्याखेड़ी, के अन्य खेतों में भी गेहूं की फसल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में पाया गया कि अन्य गेहूं की तुलना में तेजस गेहूं में इल्ली का प्रकोप अधिक हुआ है।

डॉ. श्री के. रवि ने किसानों से कहा कि क्षेत्र की गेहूं की फसल में तम्बाकू की इल्ली का प्रकोप तो है। उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि सप्ताह में एक अथवा दो बार प्राथमिकता से कृषि विभाग के साथ फसल का निरीक्षण करें । अभी इल्ली पत्ता खा रही है। अब बालियां बनने का समय आ रहा है, इसलिए यह ध्यान रखना होगा कि इल्ली बालियां न खाएं। डॉ रवि ने आश्वस्त किया कि तम्बाकू की इल्ली के जीवन चक्र का दूसरा चरण पूरा हो गया है और अब तीसरे चरण में यह बालियों को नहीं खाएगी और जीवन काल पूरा हो जाएगा। डरने की ज़रूरत नहीं है। ऐसी दशा में रासायनिक कीटनाशकों के छिड़काव से परहेज करें , अन्यथा पक्षी भी इल्लियां खाने नहीं आएँगे। यूरिया का प्रयोग कम करें । डॉ रवि ने जानकारी दी कि तेजस किस्म को केंद्र /राज्य सरकार निर्यात करने का विचार कर रही है , अतः अधिक कीटनाशकों का प्रयोग न करें , वर्ना किस्म प्रभावित होगी। यहाँ के निरीक्षण की प्राथमिक रिपोर्ट केंद्रीय कृषि मंत्रालय को भेज दी गई है। आगे भी इस क्षेत्र का दौरा किया जाएगा। डॉ. श्री एस.ए. जयप्रकाश द्वारा फसल की वर्तमान अवस्था में क्विनॉलफॉस 25 ईसी 800 मि ली /हे अथवा इमामेक्टिन बेंजोएट 12.5 ग्राम ए.आई /हे में से किसी एक का स्प्रे करने की सलाह दी गई ।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

निरीक्षण के दौरान देपालपुर के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री जितेंद्र चारेल, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी श्री राजेंद्र चौधरी , श्री मिथुन मकवाना के अलावा गांव के किसान श्री विष्णु पटेल, श्री चन्दरसिंह गेहलोत , श्री अभिनन्दन गेहलोत, श्री अंकित गेहलोत, श्री जीवनसिंह गेहलोत , कटकोदा से , कृषक श्री कृष्ण गौड़ , श्री सुनील बारोड़, श्री विनोद राठौर आदि उपस्थित थे ।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

महत्वपूर्ण खबर: कपास मंडी रेट (05 जनवरी 2023 के अनुसार)

(नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, टेलीग्राम )