राज्य कृषि समाचार (State News)

बड़वानी की लाल मिर्च को मिलेगा जीआई टैग, किसानों की मेहनत को मिलेगी वैश्विक पहचान

बलराम कृषि महोत्सव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों से तकनीक और नवाचार अपनाने का किया आह्वान

22 जुलाई 2026, भोपाल: बड़वानी की लाल मिर्च को मिलेगा जीआई टैग, किसानों की मेहनत को मिलेगी वैश्विक पहचान – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि बड़वानी जिले की पहचान केवल प्राकृतिक संपदा और मेहनतकश लोगों के कारण ही नहीं, बल्कि कृषि क्षेत्र में हो रहे नवाचारों से भी देशभर में मजबूत हो रही है। बड़वानी की प्रसिद्ध लाल मिर्च को अब वैश्विक पहचान दिलाने के लिए सरकार इसे जीआई टैग दिलाने की दिशा में प्रयास करेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को मध्यप्रदेश विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कक्ष से बड़वानी जिले में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े और किसानों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बड़वानी के नाम में ही प्रकृति विराजती है। जिले का नाम ‘बड़ के वन’ यानी बरगद के विशाल वृक्षों से जुड़ा है। जिस प्रकार बरगद विशाल छाया और निरंतर हरियाली का प्रतीक है, उसी प्रकार बड़वानी के लोग अपनी मेहनत, नवाचार और उद्यमिता के बल पर जिले को कृषि क्षेत्र में नई पहचान दिला रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बलराम कृषि महोत्सव किसानों के लिए स्वर्णिम अवसर है। विशेषकर युवा किसानों को इसमें बढ़-चढ़कर सहभागिता करनी चाहिए। खेती को परंपरागत तरीकों तक सीमित न रखते हुए आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक पद्धतियों और नवाचारों को अपनाने की आवश्यकता है। उन्होंने युवाओं से एग्री-स्टार्टअप शुरू करने, आधुनिक कृषि तकनीक सीखने और कृषि विशेषज्ञों की सलाह लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के हर कदम पर उनके साथ खड़ी है।

वैज्ञानिक खेती से बढ़ रही बड़वानी की मिर्च की मांग

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बड़वानी के मिर्च उत्पादक किसान अब पारंपरिक खेती के साथ वैज्ञानिक तकनीकों को भी अपना रहे हैं। आधुनिक ग्रेडिंग, बेहतर गुणवत्ता और उन्नत पैकेजिंग के कारण जिले की लाल मिर्च की मांग राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगातार बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि बड़वानी की लाल मिर्च को जीआई टैग दिलाने के लिए सरकार आवश्यक प्रयास करेगी। जीआई टैग मिलने से बड़वानी की लाल मिर्च को उसकी विशिष्ट भौगोलिक पहचान मिलेगी तथा किसानों को देश और दुनिया के बाजार में बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि क्षेत्र में गुणवत्ता, ब्रांडिंग और बाजार से सीधा जुड़ाव आज समय की आवश्यकता है। किसानों को केवल उत्पादन तक सीमित न रहकर प्रसंस्करण, पैकेजिंग और विपणन पर भी ध्यान देना होगा। इससे कृषि को लाभ का व्यवसाय बनाने में सहायता मिलेगी।

उन्होंने कहा कि किसानों की सक्रिय सहभागिता से ही बलराम कृषि महोत्सव सफल होगा। यह महोत्सव किसानों को नई तकनीक, आधुनिक कृषि पद्धतियों और सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम बन रहा है।

बड़वानी की लाल मिर्च को जीआई टैग मिलने की दिशा में होने वाला प्रयास जिले के किसानों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित हो सकता है। इससे स्थानीय उत्पाद को वैश्विक पहचान मिलने के साथ ही किसानों की आय और बाजार तक पहुंच बढ़ने की उम्मीद है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture