राज्य कृषि समाचार (State News)

किसानों के आंदोलन के बीच कृषि मंत्री कंषाना का आश्वासन, मूंग खरीदी का लक्ष्य 8.06 लाख टन करने के लिए केंद्र को लिखा पत्र

29 जुलाई 2026, भोपाल: किसानों के आंदोलन के बीच कृषि मंत्री कंषाना का आश्वासन, मूंग खरीदी का लक्ष्य 8.06 लाख टन करने के लिए केंद्र को लिखा पत्र – मध्यप्रदेश में मूंग खरीदी सहित किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर जारी आंदोलन के बीच प्रदेश के कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंषाना ने किसान प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में कृषि मंत्री ने किसानों को भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी जायज मांगों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और सभी मुद्दों के समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। किसानों से चर्चा के बाद कृषि मंत्री ने केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर ग्रीष्मकालीन मूंग उपार्जन का लक्ष्य बढ़ाकर 8.06 लाख मीट्रिक टन करने का अनुरोध किया।

कृषि मंत्री कंषाना ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि मूंग खरीदी सहित किसानों से जुड़े सभी मुद्दों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने किसानों से शांति बनाए रखने और संवाद के माध्यम से समाधान निकालने की अपील करते हुए कहा कि सरकार और किसान एक-दूसरे के सहयोगी हैं तथा सरकार का उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना और उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाना है।

किसानों की मांगों पर जल्द निर्णय का भरोसा

मंत्रालय में हुई बैठक के दौरान किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने मूंग खरीदी, समर्थन मूल्य और अन्य कृषि संबंधी समस्याओं को विस्तार से रखा। कृषि मंत्री ने सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार करने तथा संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर शीघ्र निर्णय लेने का आश्वासन दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि आपसी संवाद और सकारात्मक प्रयासों से किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान होगा और प्रदेश में खरीदी व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाया जाएगा।

केंद्र से 8.06 लाख मीट्रिक टन मूंग खरीदी लक्ष्य की मांग

किसानों से चर्चा के बाद कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंषाना ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर ग्रीष्मकालीन मूंग के उपार्जन का लक्ष्य बढ़ाने का अनुरोध किया। उन्होंने पत्र में बताया कि प्रदेश में इस वर्ष ग्रीष्मकालीन मूंग का रकबा लगभग 14.30 लाख हेक्टेयर है। गत वर्ष के अंतिम अनुमान और इस वर्ष के तृतीय अग्रिम अनुमान के अनुसार मूंग की औसत उत्पादकता 1,410 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर रहने का अनुमान है, जिससे कुल उत्पादन लगभग 20.16 लाख मीट्रिक टन हो सकता है।

उन्होंने पत्र में उल्लेख किया कि पिछले वर्ष केंद्र सरकार ने प्रदेश को 4.19 लाख मीट्रिक टन मूंग उपार्जन का लक्ष्य दिया था, जबकि राज्य में वास्तविक उपार्जन 7.72 लाख मीट्रिक टन हुआ। ऐसे में किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) का अधिकतम लाभ दिलाने और दलहन उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए मौजूदा लक्ष्य पर्याप्त नहीं है।

40 प्रतिशत उत्पादन तक खरीद का किया अनुरोध

कृषि मंत्री ने केंद्र सरकार से अनुरोध किया है कि विपणन वर्ष 2026-27 के लिए प्राइस सपोर्ट स्कीम (PSS) के तहत मध्यप्रदेश के लिए मूंग उपार्जन का लक्ष्य बढ़ाकर राज्य के संभावित कुल उत्पादन का 40 प्रतिशत, यानी 8.06 लाख मीट्रिक टन किया जाए। उन्होंने सुझाव दिया कि राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित लक्ष्य में अन्य ग्रीष्मकालीन मूंग उत्पादक राज्यों की बची हुई मात्रा का हिस्सा मध्यप्रदेश को आवंटित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक किसानों को समर्थन मूल्य का लाभ मिल सके।

बैठक में कृषि विभाग के सचिव निशांत बरबड़े, विभागीय अधिकारी तथा विभिन्न किसान संगठनों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture