13 नवंबर तक प्रदेश के सभी 55 जिलों में होंगे कृषि महोत्सव और किसान हितैषी आयोजन
17 जुलाई 2026, भोपाल: 13 नवंबर तक प्रदेश के सभी 55 जिलों में होंगे कृषि महोत्सव और किसान हितैषी आयोजन – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर में राज्य स्तरीय बलराम कृषि महोत्सव का शुभारंभ करते हुए वर्ष 2026 को “किसान कल्याण वर्ष” के रूप में समर्पित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने, आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने और खेती को लाभकारी बनाने के उद्देश्य से प्रदेशभर में व्यापक अभियान चलाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अभियान में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य, सहकारिता, एमएसएमई, राजस्व, ऊर्जा सहित 16 विभागों को एक मंच पर लाकर किसानों के समग्र विकास का रोडमैप तैयार किया गया है। यह केवल एक महोत्सव नहीं, बल्कि किसानों को आधुनिक तकनीक, प्रसंस्करण, विपणन और रोजगार से जोड़ने का व्यापक अभियान है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी 55 जिलों में 13 नवंबर तक कृषि महोत्सव, किसान संगोष्ठियां, तकनीकी प्रदर्शनियां, प्रशिक्षण कार्यक्रम और खेती-किसानी आधारित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, ताकि हर किसान तक सरकारी योजनाओं और नई कृषि तकनीकों का लाभ पहुंच सके।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों, महिलाओं, युवाओं और गरीबों के सर्वांगीण विकास का संकल्प लेकर सरकार कार्य कर रही है। यदि इन चार वर्गों का विकास सुनिश्चित होता है तो भारत की प्रगति स्वतः सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि किसान इन चारों वर्गों के केंद्र में है, इसलिए राज्य सरकार ने किसान कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 को उद्योग एवं रोजगार वर्ष के रूप में मनाने के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं, जिससे प्रदेश में 10 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश धरातल पर उतर रहे हैं। अब वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाकर कृषि क्षेत्र में नवाचार, निवेश और आय वृद्धि पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष ओम जैन, जिला पंचायत अध्यक्ष रीना सतीश मालवीय, विधायक मधु वर्मा, मालिनी गौड़, गोलू शुक्ला, संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह, कलेक्टर शिवम वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

