Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

राजस्थान में 50 हजार महिला कृषि श्रमिकों को कौशल विकास के लिए किया जा रहा प्रशिक्षित

राजस्थान कृषि श्रमिक संबल मिशन

25 दिसम्बर 2022, जयपुर । राजस्थान में 50 हजार महिला कृषि श्रमिकों को कौशल विकास के लिए किया जा रहा प्रशिक्षित – कृषि क्षेत्र में महिलाएं परंपरागत ढंग से जुताई, बीज बुवाई, फसल सिंचाई, निराई-गुड़ाई, खरपतवार और फसल कटाई जैसे अनेक कार्यों में अग्रिम भूमिका निभाती है। महिलाओं की इसी महती भूमिका को अधिक प्रभावशाली और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए राज्य सरकार कृत संकल्पित होकर कार्य कर रही हैं। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत की बजट घोषणा 2022-23 के अनुसार राजस्थान कृषि श्रमिक संबल मिशन के तहत भूमिहीन कृषि श्रमिकों को कौशल विकास एवं क्षमता निर्माण के लिए राज्य में 1 दिसम्बर 2022 से 15 जनवरी 2023 तक पंचायत स्तर पर प्रशिक्षण शिविरों के माध्यम से श्रमिकों को प्रशिक्षित किया जा रहा हैं। जिससे न केवल कृषि में महिलाएं आत्मनिर्भर बनेंगी बल्कि राज्य और देश की अर्थव्यवस्था में भी उनका योगदान बढ़ेगा।

कृषि आयुक्त श्री कानाराम ने बताया कि मिशन के तहत भूमिहीन कृषि श्रमिकों को कौशल विकास एवं क्षमता निर्माण के लिए राज्य की 352 पंचायत समितियों में एक हजार 667 प्रशिक्षण शिविरों के माध्यम से 50 हजार कृषि श्रमिकों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। जिसमें  से अब तक विभिन्न पंचायत समितियों में 507 प्रशिक्षण शिविरों से 15 हजार 210 महिला श्रमिकों को प्रशिक्षित किया जा चुका हैं।

श्री कानाराम ने बताया कि भूमिहीन कृषि श्रमिकों को प्रशिक्षण शिविर में 6 विधाओं का आवश्यकता के आधार पर प्रशिक्षित किया जा रहा हैं। जिसमे कृषि यंत्रों के उपयोग व संधारण (हस्तचलित एवं अद्र्धयांत्रिकी), उन्नत बागवानी तकनीक, संरक्षित संरचनाओं का संधारण, पॉली हाऊस, ग्रीन हाऊस, शेडनेट, पौध संरक्षण यंत्रों का उपयोग व रखरखाव, जैविक आदान निर्माण की वैज्ञानिक विधियां और फल व सब्जी परिरक्षण विषयों पर मौखिक एवं  प्रायोगिक प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

महत्वपूर्ण खबर: देश में जीआई टैग की संख्या 432 तक पहुंची

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें